Site iconSite icon AR Live News

चर्चित भूखंड विवाद : भू व्यवसायी के दलाल ने कोर्ट को दी खुली चुनौती, जानिए क्या कहा ?

madhulika singh court staymadhulika singh court stay

प्रतिनिधि बनकर आए दलाल ने कहा “कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट” तो होता रहेगा, पहले भी केस चल रहे हैं, दो-चार और जुड़ जाएंगे।

उदयपुर,(ARLive news)। उदयपुर शहर के प्रताप कंट्रीइन में मेवाड़ राजपरिवार से संबंधित पीड़िता मधुलिका सिंह मेवाड़ की ओर से चल रहा बहुचर्चित भूखंड विवाद में बुधवार को नया रोचक मोड़ आया। स्टे होने के बावजूद भूखंड पर लगातार खुदाई व निर्माण कार्य चलने की सूचना पर रेवेन्यू इंस्पेक्टर और पटवारी मौके पर पहुंचे।

रेवेन्यू इंस्पेक्टर मोहन सिंह चौहान ने कहा कि भूखंड पर स्टे है, यहां निर्माण कार्य नहीं करवाया जा सकता है, यहां निर्माण कार्य होना कोर्ट की अवमानना होगा। इस पर मौके पर काम करवा रही हीरामन डवलपर्स के हीरालाल जैन के प्रतिनिधि अनवर खान ने सरकारी कर्मचारियों के सामने चुनौती देने के अंदाम में कहा कि यहां कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट तो होता रहेगा। मैं देख लूंगा कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट की कार्यवाही। क्या होगा, पहले भी केस दर्ज हैं, दो-चार नए मामले और जुड़ जाएंगे।

हालां कि रेवेन्यू इंस्पेक्टर ने शांति बनाऐ रखी और मौका-पर्चा बनाकर हीरामन डवलपर्स के हीरालाल जैन के प्रतिनिधि बनकर आए अनवर खान के हस्ताक्षर लेकर उन्हें पाबंद किया। रेवेन्यू इंस्पेक्टर ने कहा आपको जो भी जवाब देना है कोर्ट में जाकर दीजिए। जब तक स्टे है और इस भूखंड पर कोई कार्य नहीं कर सकते हैं।

बुलाया था भूखंड मालिक को, प्रतिनिधि बनकर आए दलाल

यह वाक्या बुधवार को प्रताप कंट्री इन स्थित विवादित भूखंड पर हुआ। इस भूखंड को लेकर मेवाड़ राज परिवार से ताल्लुख रखती मधुलिका सिंह का ब्रजेश कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रेमल पारीख, एक्मे सर्वोदय ड्रीम वेंचर के भागीदार पंकज जैन, हीरामन डवलपर्स के मालिक हीरालाल जैन, एचडीएल हाउसिंह के भागीदार मुकेश जैन से विवाद चल रहा है। इस भूखंड पर कोर्ट से मार्च से स्टे आया हुआ है कि इस पर कोई भी निर्माण कार्य नहीं करवाया जा सकता है और यह यथा स्थिति में बना रहना चाहिए।

स्टे की पालना नहीं होने की शिकायत पर रेवेन्यू इंस्पेक्टर मोहन सिंह चौहान, पटवारी के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होने देखा कि मौके के विवादित भूखंड पर दो एलएनटी मशीन खड़ी थी, एक एलएनटी मशीन से खुदाई चल रही थी और दो डंपर में मलवा भरकर ले जाया जा रहा था। इस पर रेवेन्यू इंस्पेक्टर ने कार्य रूकवाया।

तीन घंटे चला घटनाक्रम

काम रूकवाने पर मौके पर मौजूद हीरामन डवलपर्स के कर्मचारी रतन सिंह ने रेवेन्यू इंस्पेक्टर को बताया कि यहां हीरामन डवलपर्स के हीरालाल जैन और अनवर खान के कहने पर काम हो रहा है। आप हमारे सेठ से बात कर लो, वे बोल देंगे तो हम काम रोक देंगे। इस पर रेवेन्यू इंस्पेक्टर ने हीरालाल जैन को बुलवाया। हीरालाल जैन तो मौके पर आए नहीं, करीब एक घंटे बाद हीरालाल जैन के प्रतिनिधि अनवर खान, वकील अतुल और एचडीएल कंपनी के मुकेश जैन मौके पर पहुंचे। मौके पर जब रेवेन्यू इंस्पेक्टर चौहान ने इनसे पूछा कि स्टे के बावजूद यहां काम क्यों चल रहा है, तो अनवर खान ने जवाब दिया कि आपको पाबंद करने की कार्यवाही करनी है आप करो। कोर्ट का कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट तो यहां होता रहेगा।

अनवर खान के साथ मौजूद वकील अतुल ने बताया कि संभागीय आयुक्त की कोर्ट के स्टे ऑर्डर में मधुलिका सिंह ने ब्रजेश कंसट्रक्शन कंपनी को पक्षकार बनाया हुआ है। मौके पर हीरामन डवलपर्स का काम चल रहा है और वे इस ऑर्डर में पक्षकार नहीं है। ऐसे में यह स्टे ऑर्डर हीरामन डवलपर्स पर लागू नहीं होता है। वकील की इस बात पर रेवेन्यू इंस्पेक्टर ने सख्ती से जवाब देकर पाबंद किया कि स्टे इस भूखंड पर आया हुआ है, कोई भी कंपनी यहां काम नहीं करवा सकती है। स्टे के दौरान अब यहां काम हुआ तो अगली बार यहां चल रही मशीनों को सीज कर दिया जाएगा।

Exit mobile version