Site iconSite icon AR Live News

चरण स्पर्श टूटते-बिखरते रिश्तों को एक धागे में पिरो सकता है : राहुल कपूर जैन

jito rahul kapoor jainjito rahul kapoor jain

उदयपुर,(ARLive news)। टच स्क्रीन मोबाइल से विश्वभर का ज्ञान तो मिलता है, लेकिन इसकी अति तकलीफ देती है। तकनीक के दुरुपयोग से रिश्ते टूटते जा रहे हैं। लेकिन टच स्क्रीन की जगह अगर टच फुट यानी चरण स्पर्श किया जाए तो उसका कोई भी नुकसान नहीं है, बल्कि आपको फायदा ही देगा। टेक्नोलॉजी ने हमें परिवार और खुद से तोड़ दिया है टेक्नोलॉजी की ऐसी बाढ़ आई है, जिसे हम समझ नहीं पा रहे हैं। वह हम पर हावी हो गई है इस कारण से बीमारी, डिप्रेशन, टूटते- बिखरते रिश्ते, सुसाइड, तलाक यह सब बढ़ रहा है। रिश्तों और पारिवारिक मूल्यों पर अपना यह खास उद्बोधन जाने-माने मोटिवेशनल स्पीकर राहुल कपूर जैन ने रविवार को जैन इंटरनेशनल ट्रेडिंग ऑर्गेनाइजेशन जीतो द्वारा शौर्यगढ़ में आयोजित चरण स्पर्श कार्यक्रम में हजारों शहरवासियों को दिया।

चरण स्पर्श कार्यक्रम को समझाते हुए राहुल कपूर ने बताया कि उनका चरण स्पर्श खासतौर से विज्ञान, मनोविज्ञान और आध्यात्मिक ज्ञान के साथ जुड़ा हुआ है, क्योंकि वर्तमान में तीन पीढ़ी के लोग हैं, जिन्हें पारिवारिक संस्कार और जीवन मूल्यों को समझाना है। राहुल कपूर ने बताया कि हमारा कपाल ब्रह्मांड से एक कनेक्शन के माध्यम से जुड़ा हुआ है, जो सूरज और चांद की एनर्जी को ग्रहण कर उसे नसों के माध्यम से चरण तक ले कर आता है। इसलिए चरण स्पर्श में पैर छुए जाते हैं, और चरण स्पर्श के दौरान झुका इसलिए जाता है, कि जब व्यक्ति झुकता है, तब उसका मान झुकता है, जिससे सामने वाला चाहे कोई दुश्मन भी हो तो वह भी झुकता है।

खुश रहने के लिए दी यह सीख

राहुल कपूर जैन की स्पीच को सुनने आये हजारों लोगों को खुश रहने का एक सूत्र बताते हुए राहुल ने कहा कि पहले संसार के अच्छे कर्तव्य को निभाना है, तभी हम आध्यात्मिक ज्ञान कि ओर आगे बढ़ेंगे। उसके लिए जरूरी है, कि परिवार में अच्छे से जीना सीखें मां-बाप के प्रति हमारे कर्तव्य को पूरा करें, पति पत्नी को दोस्त बनकर, भाई – भाई और भाई बहन को प्यार से रहते हुए, बहू जब बेटी बनकर रहे, दादा – दादी, नाना – नानी के रिश्तो का आदर किया जाए। सास मां बन कर जिए तभी हम सांसारिक प्रगति करेंगे, जिससे मन और तन दोनों स्वस्थ रहेंगे तभी आध्यात्मिक प्रगति हो पाएगी।

कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, जैन इंटरनेशनल ट्रेडिंग आर्गेनाइजेशन (जीतो) अपेक्स प्रेसिडेंट गणपत चौधरी, यूसीसीआई अध्यक्ष हंसराज चौधरी, जीतो अपेक्स के सीईओ ललित जैन, जीतो राजस्थान जॉन चेयरमैन शांतिलाल मारू, जीतो अपेक्स डायरेक्टर अशोक कोठारी, जीएटीएफ़ जीतो उदयपुर चेप्टर चेयरमैन शांतिलाल मेहता, जीएटीएफ़ जीतो उदयपुर चेप्टर के जनरल सेक्रेटरी महावीर चपलोत सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

Exit mobile version