उदयपुर,(ARLive news)। शहर में सोमवार का भाजपा नेता मोतीलाल डांगी का आलीशान बंगला सीज कर दिया गया। सोमवार दोपहर आईडीएफसी बैंक के अधिकारी मय पुलिस जाब्ता मोतीलाल डांगी के दुर्गा नर्सरी रोड स्थित बंगले पर पहुंचे और करीब साढ़े तीन करोड़ रूपए का लोन और ब्याज नहीं चुकाने के चलते बंगला सीज कर दिया। यह पूरी कार्यवाही करीब साढ़े तीन घंटे तक चली। इस दौरान मोतीलाल डांगी भी वहां मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार बैंक के करीब 3 करोड 58 लाख रूपए मोतीलाल डांगी पर बकाया था। इसको लेकर आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के अधिकारी भाजपा के जिला महामंत्री मोतीलाल डांगी के दुर्गा नर्सरी रोड स्थित घर पर पहुंचे। कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस का भारी जाब्ता भी पूरी कार्यवाही के दौरान वहां मौजूद रहा। मौके पर पहुंचने के बाद बैंक अधिकारी अमित टांक ने मोतीलाल डांगी को बुलाया और उनकी मौजूदगी में बंगले के सभी सामान का चिट्ठा तैयार किया। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने घर के सभी कमरों को सीज करते हुए मेन गेट पर भी सीजिंग की कार्यवाही की।
कार्यवाही के दौरान मोतीलाल डांगी ने बैंक अधिकारियों को कोर्ट के आदेश की एक प्रति दी, जिसमें कोर्ट द्वारा 31 मई तक का समय निर्धारित किया गया है। इसमें बकाया राशि नहीं चुकाने पर 31 मई के बाद कार्यवाही करना निर्देशित किया गया है। इस पर बैंक अधिकारियों ने आरोप लगाया कि मोतीलाल डांगी कोर्ट के इस आदेश को गलत तरीके से परिभाषित कर रहे हैं। इसके साथ ही बैंक अधिकारियों ने बंगले को सीज करने की पूरी कार्यवाही की।
कोर्ट के आदेश पर लिया है घर का पजेशन : बैंक
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के मैनेजर अमित कुमार टांक ने बताया कि हमने आज नियमानुसार कोर्ट के आदेश पर मोतीलाल डांगी के इस घर का पजेशन लिया है। मोतीलाल डांगी ने हमारी बैंक से लोन लिया था। काफी समय से उन्होंने इसका भुगतान नहीं किया। मोतीलाल डांगी पर बैंक की 3 करोड़ 58 लाख रूपए की रकम और ब्याज बाकी है। इससे पहले 2017 में भी हमने इस घर का पजेशन लिया था। जिसका मोतीलाल डांगी ने ट्रेस पास कर किया था। इसके बाद यह मामला कोर्ट में गया था। कोर्ट ने आदेश जारी कर मोतीलाल डांगी को निर्देशित किया था कि इस घर का पजेशन बैंक को शांतिपूर्ण तरीके से दे दें। लेकिन ऐसा नहीं हुआ, तब कोर्ट ने बैंक को आदेश दिया कि हम पुलिस के सहयोग से पजेशन ले सकते हैं। इस पर आज सोमवार को पुलिस जाब्ता के सहयोग से हमने इस घर का पजेशन लिया है। मोतीलाल डांगी जो कोर्ट का ऑर्डर दिखा रहे हैं, वे कोर्ट के ऑर्डर को गलत तरीके से परिभाषित कर रहे हैं।
हाईकोर्ट के आदेश को नहीं मानते हुए पजेशन लिया है : मोतीलाल डांगी
भाजपा नेता मोतीलाल डांगी का कहना है कि बैंक के अधिकारियों ने हाईकोर्ट के आदेश को नहीं मानते हुए यह पजेशन लिया है। ट्रिब्यूनल ने 31 मई तक का समय दिया है। कोई बात नहीं, मैं मेरे वकील से बात करके इस संबंध में कोर्ट की शरण लुंगा। कानून व्यवस्था बनी रहे, इसलिए आज शांतिपूर्ण तरीके से घर का पजेशन दिया है।
सीजर की पूरी कार्यवाही देखें लाइव :
https://youtu.be/8lhGoLxfMMs

