उदयपुर,(ARLive news)। दिन के सुबह, दोपहर, शाम और रात चार पहर के बदलने के साथ ही जिले में दो दिन से मौसम भी बदल रहा है। दिन में तेज धूप तो शाम को आंधी, बारिश और ओले। रविवार देर शाम तेज अंधड़ के साथ बारिश आयी और शहर के हिरणमगरी सहित कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई।
हालां कि बारिश चंद मिनटों बाद बंद हो गयी और उसी के साथ आया अंधड़ भी शांत हो गया। दिन की तेज धूप के बाद अचानक शाम को बदले मौसम से लोगों ने राहत महसूस की। रविवार छुट्टी का दिन और बदले मौसम में शहरवासियों ने फतहसागर सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर पहुंचकर शाम को और ज्यादा खुशनुमा बनाया।
भींडर, कानोड और शहरी क्षेत्र में भी गिरे ओले
बीती रात करीब दो बजे भी जिले में अचानक अंधड़ और बारिष आयी थी। करीब आधा घंटा खराब मौसम के बाद मौसम ठीक हो गया। इसके बाद आज शाम को भींडर और कानोड़ में फिर अंधड़ के साथ बारिश आयी और अचानक ओले गिरे। वहीं शहर के उपनगरीय क्षेत्र हिरणमगरी में भी ओले गिरे।

