उदयपुर,(ARLive news)। जल संकट से जूझ रही झीलों की नगरी में महिलाओं को अब पानी की समस्या को लेकर सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। पानी आ नहीं रहा, तो महिलाएं सड़कों पर आ गयी है। गुरूवार शाम को आयड़ की शबरी कॉलोनी में 10 दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं होने पर महिलाएं सड़कों पर आकर बैठ गयीं। महिलाओं ने आयड़ मैन रोड पर जाम लगाया और प्रदर्शन कर मटके फोड़े।
महिलाओं ने बताया कि रोजे चल रहे है, दस दिनों से पानी की सप्लाई नहीं हुई है। जलदाय विभाग के कर्मचारी को फोन करते हैं तो कोई उठाता नहीं है। पानी की सप्लाई नहीं कर रहे है। और न ही कोई सुनता है। सूचना पर पहुंची भूपालपुरा थाना पुलिस ने समझाईश कर मार्ग खुलवाया। आक्रोशित लोगों ने लगभग 30 मिनिट तक मार्ग अवरूद्ध रखा। मोहल्लावासियों का आरोप था कि विगत 10 दिनों से आधे मोहल्ले में जलापूर्ति हो रही है। जबकि आधा मोहल्ला पेयजल के लिए तरस रहा है फिर भी जिम्मेदार फोन नही उठाते है व कार्यालय जाने पर अधिकारी नदारद मिलते है।
जानकारी के अनुसार अब तक शहर में एक दिन के अंतराल में जलापूर्ति होती रही है लेकिन जलदाय विभाग द्वारा 10 मई से 72 घंटों के अंतराल में जलापूर्ति करने की घोषणा से संकट और भी गहरा गया है। पारंपरिक स्त्रोत भी सूख चुके है। भूगर्भ जल स्तर गिरने से अधिकांश ट्यूबवेल भी सूख चुके है। शहर की झीलों का पेंदा निकल चुका है। इस बीच कई क्षेत्रों में कम दबाव से पानी आने तथा कई क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित होने से आमजन आक्रोशित होने लगा है।

