Site iconSite icon AR Live News

केदारनाथ मंदिर परिसर से हटाई गई बर्फ, 9 मई को खुलेंगे कपाट

kedarnath tamplekedarnath tample

रुद्रप्रयाग,(ARLive news)। केदारपुरी में व्यवस्थाएं तेजी से पटरी पर लौट रही हैं। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के 30 श्रमिकों ने मंदिर के मुख्य परिसर और मंदिर के सामने वाले पैदल मार्ग से बर्फ पूरी तरह हटा दी है। इससे अब बाबा केदार के दर्शनों को आने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। केदारनाथ धाम के कपाट नौ मई सुबह 5.35 बजे खोले जाएंगे।

केदारपुरी में मंदिर समिति की 43-सदस्यीय टीम गत 19 अप्रैल से यात्रा तैयारियों में जुटी हुई है। मंदिर परिसर में विद्युत आपूर्ति सुचारू करने के साथ ही पेयजल आपूर्ति भी बहाल हो चुकी है। शनिवार तक मंदिर परिसर के सामने लगभग 1400 वर्ग मीटर क्षेत्र और मंदिर के आगे पैदल मार्ग से बर्फ पूरी तरह हटाई जा चुकी थी। इस कार्य में 15 दिन का समय लगा, हालांकि अभी भी केदारपुरी का अधिकांश हिस्सा बर्फ से आच्छादित है और वहां तीन से चार फीट बर्फ मौजूद है। बावजूद इसके मंदिर समिति के कार्याधिकारी एनपी जमलोकी ने दावा किया कि यात्रा शुरू होने से पूर्व धाम में सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएंगी। इसके लिए युद्धस्तर पर कार्य चल रहा है।

यात्रियों का बायोमीट्रिक पंजीकरण आठ मई से शुरू हो जाएगा

केदारनाथ यात्रा के लिए यात्रियों का बायोमीट्रिक पंजीकरण आठ मई से विधिवत शुरू हो जाएगा। फोटो व सोनप्रयाग में पंजीकरण केंद्र बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा सोनप्रयाग में सत्यापन केंद्र भी खोला गया है। जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने बताया कि शनिवार देर शाम पंजीकरण के लिए टीम सोनप्रयाग पहुंच गईं है।

गंगोत्री और केदारनाथ में मुफ्त वाईफाई सुविधा इस बार केदारनाथ व गंगोत्री धाम में आने वाले यात्रियों को मोबाइल कनेक्टिविटी को लेकर अधिक परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए यहां स्थानीय जिला प्रशासन यात्रियों को मुफ्त वाई-फाई कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। इसके लिए स्वान (स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क) के माध्यम से मोबाइल कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी। सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर ने बताया कि यात्रा के दौरान मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या को देखते हुए गंगोत्री व केदारनाथ में मुफ्त वाई फाई सुविधा देने की तैयारी चल रही है।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि बरसाती पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के बाद प्रशासन के सहयोग से गौरीकुंड में व्यापारियों ने ईको डेवलपमेंट सोसाइटी का गठन किया है। इसमें गौरीकुंड ग्रामसभा के नौ सदस्य शामिल हैं। यह समिति सात हजार रेनकोट खरीदेगी, जिन्हें 30 रुपये प्रति रेनकोट के हिसाब से यात्रियों को किराये पर दिया जाएगा। इससे जहां केदारपुरी साफ-सुधरी रहेगी, वहीं पर्यावरण को भी नुकसान से बचाया जा सकेगा।

Exit mobile version