Site iconSite icon AR Live News

एसओजी की बड़ी कार्यवाही : डोडा चूरा का ट्रक नहीं, पूरे गोदाम पर मारा छापा, ढाई करोड़ का डोडाचूरा पकड़ा

SOG TEAM raid on taskar udaipur chittodgarhSOG TEAM raid on taskar udaipur chittodgarh

बड़ी सादड़ी क्षेत्र का सबसे बड़ा तस्कर पकड़ा गया,तस्करों में मची खलबली।

उदयपुर,(ARLive news)। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की उदयपुर और जयपुर यूनिट ने बड़ी कार्यवाही करते हुए बड़ी सादड़ी में डोडा चूरा की तस्करी के लिए बनाए गए पूरे गोदाम पर ही छापा मारा है। एसओजी टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर गोदाम से बोरों में भरा 26.55 क्विंटल अफीम डोडाचूरा, 50 हजार रूपए नगद, चार बड़ी लग्जरी कारें और डोडा चूरा पीसने की चक्कियां जब्त की हैं।

एसओजी की इस कार्यवाही के बाद से तस्करों में खलबली मची हुई है। क्यों कि अब तक पुलिस हाईवे से गुजर रहे ट्रकों को ही पकड़ती थी, यह पहली बार हुआ है जब एसओजी ने तस्करों के गोदाम पर छापा मारा हो। बरामद हुए डोडा चूरा की कीमत ढाई करोड़ रूपए आंकी जा रही है।

पुलिस महानिदेशक एटीएस ने बताया कि चित्तौड़गढ़ के उम्मेदपुरा, बड़ी सादड़ी निवासी कैलाश पुत्र धनराज धाकड़ और ईश्वर पुत्र भंवरलाल धाकड़ को गिरफ्तार किया है। मुखबीरों के जरिए सूचना मिली कि क्षेत्र में कैलाश सबसे बड़ा फीम डोडाचूरा तस्कर है। इस पर एसओजी टीम उस पर लगातार निगरानी रखे हुए थे। एसओजी को सूचना मिली कि कैलाश ने रिहायशी क्षेत्र में ही बड़ी मात्रा में डोडा चूरा तस्करी के लिए अवैध रूप से एकत्रित किया हुआ है।

सूचना पर एसओजी उदयपुर यूनिट के इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान और जयपुर यूनिट इंस्पेक्टर सूर्यवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध स्थान पर दबिश दी। पहले टीम को रिहायशी क्षेत्र में मकान के पास एक गाड़ी में 20 बोरे डोडा चूरा भरा मिला। पुलिस ने कैलाश और ईश्वर को गिरफ्तार कर कैलाश के मकान पर दबिश दी, जहां मकान के बाड़े में गोदाम मिला। कैलाश ने इस गोदाम में बड़ी संख्या में डोडा चूरा छुपा रखा था। गोदाम में चक्कियां भी लगी थी, जिससे यहां डोडा चूरा पीसा जाता था। टीम ने कुल 26.55 क्विंटल अफीम डोडाचूरा, 50 हजार रूपए नगद, चार बड़ी लग्जरी कारें और डोडा चूरा पीसने की चक्कियां जब्त की हैं।

एसओजी की इस टीम ने की कार्यवाही : उदयपुर यूनिट के इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, एसआई सुबोध जांगीड़, कांस्टेबल पवन कुमार, प्रदीप और जयपुर यूनिट के इंस्पेक्टर सूर्यवीर सिंह, एसआई गोपाल लाल, कांस्टेबल हनुमान, विनोद, कैलाश चन्द्र, सुशील कुमार, जितेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र सिंह, भूपेन्द्र सिंह, देवेन्द्र सिंह की टीम ने यह कार्यवाही की है।

Exit mobile version