Site iconSite icon AR Live News

चित्तौड़गढ़ में प्रधानमंत्री की जनसभा : मोदी की “मेवाड़ के प्रतीक चिह्न” की पगड़ी बनी चर्चा का विषय

Rajasthan Hindi NewsRajasthan Hindi News

मेवाड़ी रंग में रंगे दिखे मोदी

उदयपुर,(ARLive news)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मेवाड़ के चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र में जनसभा कर प्रदेश में अपनी चुनावी रैलियों की शुरूआत की। मोदी ने मंच पर आते ही चित्तौड़गढ़ को शौर्य और बलिदान की भूमि कहकर संबोधित करते हुए जनता से खम्माघणी किया। जनसभा में मोदी को पहनाई गई मेवाड़ी पगड़ी भी लोगों के बीच खासी चर्चा का विषय बनी।

बताया जा रहा है कि ऐसा पहली बार हुआ है जब पगड़ी पर मेवाड़ का प्रतीक चिह्न दिखा हो। अक्सर मेवाड़ी पगड़ी में पचेवड़ी और मोर लगता है, लेकिन मोदी को पहनाई गई पगड़ी में मेवाड़ के प्रतीक चिह्न लोगों ने देखा तो यह चर्चा का विषय बन गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान में पानी की समस्या पर जोर देते हुए जनसभा में कहा कि सरकार बनते ही वे जल शक्ति मंत्रालय बनाएंगे। इससे समुद्र के पानी को मीठा करके सूखाग्रस्त क्षेत्र में पहुंचाया जाएगा। मोदी ने जनसभा में लोगों से पूछा कि आपको देश को कमजोर बनाने वाली कांग्रेस सरकार चाहिए या पाकिस्तान को जवाब देने वाली भाजपा सरकार। मोदी ने पहली बार वोट देने वाले युवाओं से 21वीं सदी के भारत निर्माण के लिए वोट देने की अपील की।

मोदी ने अपने भाषण में श्रीलंका के कोलंबो में चर्च और पांच सितारा होटलों में हुए सीरियल ब्लास्ट की चर्चा की और कहा कि इस संकट की घड़ी में भारत अपने पड़ोसी देश के साथ खड़ा है। पीएम मोदी ने कहा कि पूरे विश्व में ईस्टर का पवित्र पर्व मनाया जा रहा है। प्रभु यीशु के शांति के संदेश को आत्मसात करने के लिए दुनियाभर के लोग प्रार्थनाएं करते हैं। श्रीलंका में भी चर्च में सैकड़ों लोग प्रार्थना के लिए इकट्ठे हुए थे, तब नराधम आतंकवादियों ने सीरियल बम ब्लास्ट कर छोटे-छोटे बच्चों, माताओं, बहनों सहित सैकड़ों निर्दोश लोगों को मार दिया। आतंकवाद से निपटना श्रीलंका सहित पूरी दुनिया में मानवता के समक्ष एक कड़ी चुनौती है। हम पिछले पांच सालों से आतंकवाद, कालेधन, अशिक्षा के खिलाफ जमकर लड़ रहे है।

Exit mobile version