उदयपुर,(ARLive news)। जिले के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के नेला के पास हाईवे पर शनिवार तड़के चेकिंग के दौरान तेज गति में आए ट्रक ने आरटीओ गार्ड को कुचल दिया। हादसे में आरटीओ गार्ड सीकर निवासी संतोष कुमार(45) की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शव को मोरचरी पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी।
एसएचओ भवानी सिंह राजावत ने बताया कि आरटीओ एसआई सुरेश जांगीड़ टीम के साथ रात करीब 3 बजे नेला हाईवे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। टीम में आरटीओ गार्ड संतोष कुमार भी शामिल थे। चेकिंग के दौरान उन्होंने हाईवे किनारे एक ट्रक को रोका। आरटीओ गार्ड संतोष कुमार ट्रक की चेकिंग कर रहे थे, तब उस स्थान पर काफी अंधेरा था। तभी दूसरा ट्रक तेज गति में आया। अंधेरे के कारण उसे खड़े ट्रक की चेकिंग कर रहे आरटीओ गार्ड नजर नहीं आए और उसने ट्रक उन पर चढ़ा दिया। हादसे में संतोष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

