देहरादून,(ARLive news)। चारधाम यात्रा के दौरान किसी तीर्थयात्री और वाहन चालक को ग्रीन कार्ड बनवाने में दिक्कत न हो इसके लिए परिवहन विभाग छह जगहों पर केंद्र खोलने जा रहा है। अपर परिवहन आयुक्त सुनीता सिंह ने बताया कि ग्रीन कार्ड केंद्र ऋषिकेश से आगे भद्रकाली व तपोवन, मसूरी मार्ग पर कुठालगेट व डामटा में खोले जा रहे हैं। इसके अलावा दो केंद्र चमोली के जोशीमठ व रुद्रप्रयाग में खोले जा रहे हैं। इन केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
अपर परिवहन आयुक्त सुनीता सिंह ने बताया कि विभाग में कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों की कमी होने से शासन से अतिरिक्त कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों की मांग की गई है। जहां तक विभागीय अधिकारियों का सवाल है तो यात्रा मार्ग पर अधिकारियों की पर्याप्त तैनाती पहले से है। ऐसे में नए अधिकारियों की तैनाती की आवश्यकता ही नहीं है। अपर परिवहन आयुक्त ने बताया परिवहन विभाग की ओर से सभी तैयारियों को एक मई से पहले अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ता हो चुकी है। यात्रा के दौरान हादसे न हो, इसके लिए भी विभागीय स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
ग्रीन कार्ड परिवहन विभाग की ओर व्यावसायिक वाहन चालकों को दिया जाने वाला एक कार्ड है। यह कार्ड चारधाम यात्रा के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों की ओर से व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच के साथ ही चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी का परमिट, गाड़ी का बीमा आदि दस्तावेजों की जांच के बाद जारी किया जाता है। यह कार्ड जारी होेने के बाद चालक से यात्रा मार्ग पर कोई परिवहन अधिकारी दस्तावेज दिखाने को कहता है तो चालक को अन्य कोई कागज दिखाने की जरूरत नहीं है। वह केवल ग्रीन कार्ड दिखा सकता है।

