गोगुंदा में सचिन पायलट ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि लोग कहते हैं कि भाजपा का बूथ प्रबंधन अच्छा है, लेकिन जब जनता की हवा चलती है, लोग परेशान और पीड़ित होते हैं। (इस लाइन के जरिए पायलट ने कहने का प्रयास किया कि भले ही बूथ मैनेजमेंट अच्छा हो, लेकिन जब जनता पीड़ित होती है और जनता की हवा चलती है तो सरकार बदल जाती हैं।) पायलट ने कहा भाजपा भगवान, राम, मंदिर, मस्जिद, मजहब, भाषा के मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है, लेकिन कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी गरीब, बेरोजगारी, आदिवासी, महिला, खाद, बीज, बिजली जैसे जनता से संबंधित मुद्दों पर बात कर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि इन पर भाजपा के नेता तो बात ही नहीं करना चाहते। इन्होंने पिछले पांच सालों में देश को सिर्फ आतंकित किया है।
सरकार बदलना लोकतंत्र की परंपरा है : मुख्यमंत्री गहलोत
गहलोत ने कहा सरकार बदलना लोकतंत्र की परंपरा है, लेकिन पिछले पांच सालों में राज्य में रही वसुंधरा राजे की निकम्मी सरकार रही हैं। गहलोत ने इस विधानसभा चुनाव में गोगुंदा सीट से खुद के प्रत्याशी मांगीलाल की हार का अफसोस जताया और कहा कि फिर भी हमारे लिए मांगीलाल आपके प्रतिनिधि रहेंगे। ये हमें गोगुंदा के विकास के मुद्दे बताएंगे और हम आपको भरोसा दिलाते हैं कि हम गोगुंदा और उदयपुर में विकास के लिए काम करेंगे। गहलोत ने मोदी सरकार की विभिन्न घोषणाओं की असफलता बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को धोखा दिया है।
गहलोत ने अपने संबोधन में इंदिरा गांधी को याद किया और कहा कि उन्होंने जान दे दी, लेकिन खालिस्तान नहीं बनने दिया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी आतंकवाद पर भी काबू नहीं कर पाए।
