Site iconSite icon AR Live News

चुनाव आचार संहिता के दौरान अब तक 119.57 करोड़ रुपये जब्त

uttar pradesh achar sanhitaलखनऊ,(ARLive news)। उत्तर प्रदेश में आचार संहिता के तहत अब तक कुल 28,29,003 वाॅल राइटिंग, पोस्टर्स, बैनर्स आदि सार्वजनिक एवं निजी स्थानों से हटा दिये गये हैं या ढक दिये गये हैं।

प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि पूरे प्रदेश में जिला प्रशासन द्वारा अब तक सार्वजनिक स्थानों से 1,41,162 वाॅल राइटिंग, 10,76,506 पोस्टर्स,  4,77,673 बैनर्स  तथा 5,21,072 अन्य प्रचार-प्रसार से सम्बन्धित सामग्रियों को हटा दिया गया है।

इसी तरह से निजी स्थानों से 74,542 वाॅल राइटिंग, 2,68,756 पोस्टर्स, 1,63,521  बैनर्स तथा 1,05,771 अन्य मामलों में  प्रचार-प्रसार से सम्बन्धित सामग्री हटाया है। चुनाव के दौरान वाहनों, बिना अनुमति मीटिंग, लाउडस्पीकर एवं उत्तेजनात्मक भाषण तथा प्रलोभन आदि के 1990 मामले आये, जिसमें 264 प्रकरणों में एफआईआर दर्ज करायी गयी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयकर, नारकोटिक्स, पुलिस तथा आबकारी द्वारा की गयी कार्यवाही में अब तक कुल 119.57 करोड़ रुपये की जब्ती की गई है। पुलिस एवं आयकर विभाग द्वारा 14.68 करोड़ रूपये की नगदी तथा नारकोटिक्स एवं पुलिस द्वारा कुल 19.86 करोड़ रुपये मूल्य की गांजा, स्मैक तथा चरस आदि की जब्त की गई। आबकारी विभाग द्वारा 25.83 करोड़ रूपये मूल्य की 9,19,243 लीटर मदिरा जब्त की गई है। इसके अलावा 59.20 करोड़ मूल्य की बहुमूल्य धातुएं सोना चाॅदी आदि जब्त की गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कानून व्यवस्था के तहत अब तक 423 लोगों के शस्त्र लाइसेन्स निरस्त किये गये हैं। अपराधियों की धरपकड़ के साथ ही प्रदेश में अब तक 4,071 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, 5,507 कारतूस, 2,757 बम बरामद किये गये हैं।

Exit mobile version