Site iconSite icon AR Live News

कम वोटिंग वाले बूथ तक पैदल पहुंचे अधिकारी, कहा आप वोट डालने जरूर जाएं

administration oath of votingउदयपुर,(ARLive news)। दिसंबर में सम्पन्न विधानसभा चुनाव के दौरान शहर में सबसे कम मतदान वाले बूथ के मतदाताओं को जागरूक करने के लिए “प्रशासन चला बूथ की ओर“ कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पैदल चलकर मतदाताओं तक पहुंचे। बूथ तक पहुंचने के लिए अधिकारियों को साढे तीन किलोमीटर पैदल भी चले। इतना पैदल चलने के बाद पहुंचे अधिकारियों ने मतदाताओं से कहा कि हम पैदल चलकर आए हैं, आप वोट डालने जरूय जाएं। 

स्वीप कार्यक्रम सहप्रभारी अतिरिक्त जनजाति विकास आयुक्त अंजलि राजौरिया एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट से फतहपुरा स्थित मतदान केन्द्र ज्योति पब्लिक स्कूल तक पैदल चलकर पहुंचे। करीब साढ़े तीन किलोमीटर का सफर पैदल तय करने के बाद यहां पहुंचें वरिष्ठ अधिकारियों ने बूथ से जुडे काॅलोनीवासियों से आगामी लोकसभा चुनाव में अधिकाधिक मतदान करने की अपील की। यहां पर 17 नवपंजीकृत मतदाता एवं 12 सीनियर सिटीजन का सम्मान किया गया और उपस्थित जनसमुदाय को मतदान की शपथ दिलाई गई। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने का कार्य भी किया गया।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के दौरान उदयपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के इस मतदान केन्द्र पर सबसे कम वोटिंग हुई थी। पूरे जिले में ऐसे 200 मतदान केन्द्र चिन्हित किए गए है जिन पर विधानसभा चुनाव के दौरान बहुत कम मतदान हुआ था। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर इन मतदान केन्द्रों से जुड़े मतदाताओं की जागरूकता हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

Exit mobile version