Site iconSite icon AR Live News

शहर में चने और शिकंजी के ठेले की आढ़ में देशी कट्टे बेच रहे दो बदमाश पकड़े गए

यूपी से अवैध हथियार लाकर उदयपुर में कर रहे थे सप्लाई।

उदयपुर,(ARLive news)। राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप एसओजी की उदयपुर यूनिट ने बुधवार को शहर में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टे और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों बदमाश शहर के मुख्य पर्यटक स्थलों पर चने बेचने और शिकंजी का ठेले की आढ़ में अवैध हथियार तस्करी का धंधा कर रहे थे।

एसओजी एडि.एसपी सिद्धांत शर्मा ने बताया कि मैनपुरी, यूपी हाल अलीपुरा, भूपालपुरा निवासी गुड्डू कश्यप (20) पुत्र कुंदन कश्यप और सद्भावनगर, प्रतापनगर निवासी पवन शर्मा (40) पुत्र वासुदेव शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टे और पांच कारतूस बरामद हुए हैं।

एसओजी टीम को सूचना थी कि शहर में गुड्डू नाम का लड़का यूपी से अवैध हथियार लाकर उदयपुर में बेच रहा था। इस पर पड़ताल की गई तो पता चला कि गुड्डू उदयपुर में पवन के साथ मिलकर स्थानीय हथियार खरीददार तलाशता है और फिर बेचता है। इस पर एसओजी निरीक्षक अब्दुल रहमान ने  स्थानीय प्रतापनगर थाना पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस के सहयोग से एसओजी टीम ने सिंधी कॉलोनी में दबिश देकर बदमाशों को गिरफ्तार किया और उनसे हथियार बरामद किए। इस कार्यवाही में एसओजी के हेडकांस्टेबल धर्मेन्द्र, कांस्टेबल पवन, प्रदीप और प्रतापनगर थाने के एसआई पूनम चंद, कांस्टेबल भारत सिंह की मुख्य भूमिका रही। 

मुख्य तस्कर फतहसागर पर बेचता है चने

मुख्य हथियार तस्कर गुड्डू फतहसागर पर चने बेचने का काम करता है। वहीं पवन जगदीश चौक पर शिकंजी का ठेला लगाता है। खासबात यह है कि ये हथियार तस्कर इन कामों की आढ़ में ही अवैध हथियार तस्करी का धंधा कर रहे थे। ये हर समय फतहसागर और जगदीश चौक पर मौजूद रहते हैं, जो शहर के मुख्य पर्यटक स्थल भी हैं।

Exit mobile version