Site iconSite icon AR Live News

पुलवामा का बदला : POK में भारतीय वायुसेना ने आतंकी ठिकाने और लॉन्च पैड किए तबाह

नई दिल्ली,(ARlive news)। पुलवामा आतंकी हमले के 12 दिन बाद भारतीय वायुसेना ने पाक के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की हैं। आज तड़के वायुसेना के मिराज विमानों ने PoK के बालाकोट और चकोटी में जबर्दस्त बमबारी कर जैश के मुख्यालय सहित आतंकियों के ठिकाने तबाह किए।

बताया जा रहा है इस हमले में 200 से 300 आतंकी मारे गए हैं, बता दें कि यह पहली बार है जब शांतिकाल में भारतीय वायुसेना ने सीमा लांघी है। पाकिस्तानी सेना भारतीय विमानों के PoK में घुसने की बात तो मान रही है, लेकिन किसी बड़े नुकसान की खबर को खारिज कर रही है।

भारतीय वायुसेना के करीब 12 मिराज-2000 लड़ाकू विमान आज तड़के करीब साढ़े तीन बजे पाक के कब्जे वाले कश्मीर में घुसे। इन विमानों ने बालाकोट और चकोटी में एक हजार किलो के बम गिराए। इस हमले में जैश के आतंकी कैंपों को निशाना बनाया गया। हमले के बाद विमान भारतीय सीमा में सुरक्षित लौट आए। बता दें कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने अपने सुरक्षाबलों को कार्रवाई के लिए खुली छूट दे दी थी। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि पुलवामा आतंकी हमला के साजिशकर्ताओं को छोड़ा नहीं जाएगा और सेना अपने हिसाब से कार्रवाई करेगी।

भारत पर सीमा के उल्लंघन का आरोप लगाने वाले ट्वीट में पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर एक ट्वीट में लिखा है कि भारतीय वायुसेना ने मुजफ्फराबाद सेक्टर से घुसपैठ की कोशिश की थी। उन्होंने आगे लिखा है कि पाकिस्तानी सेना द्वारा ठीक समय पर प्रभावी जवाब दिया गया। उन्होंने जानकारी दी है कि घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, भारतीय वायुसेना की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। गौरतलब है कि पुलवामा हमले के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी और बढ़ी है।

Exit mobile version