Site icon AR Live News

विरोधी गैंग के घर पर हमला करने की थी योजना: कुख्यात बदमाश इमरान कुंजड़ा पकड़ा गया

उदयपुर,(ARlive news)। जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने शनिवार को दुश्मन गैंगस्टर के घर पर हमला करने की योजना बना रहे दूसरी गैंग के गैंगस्टर इमरान कुंजड़ा और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। इमरान कुंजड़ा के खिलाफ 43 मामले दर्ज हैं, जिसमें 7 संगीन मामलों में वह वांछित चल रहा था। इमरान कुंजड़ा पर राज्य स्तर पर 5 हजार रूपए का इनाम घोषित था।

एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने बताया कि रजा कॉलोनी मल्लातलाई निवासी इमरान कुंजड़ा पुत्र मुहम्मद यूसुफ, धोलीमगरी निवासी मोहम्मद इस्माइल उर्फ बड़ा मेवाती पुत्र मोहम्मद जमीन, गरीब नवाज कॉलोनी निवासी हैदर रजा पुत्र इरफानुद्दीन, नाथद्वारा निवासी सद्दाम उर्फ कांकरोली पुत्र मोहम्मद छोटू और करावाड़ा निवासी मकसूद उर्फ मुंशी पुत्र नजीर मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल मय मैगजीन, एक देशी कट्टा मय जिंदा कारतूस, कटार, बेसवॉल सहित अन्य हथियार बरामद हुए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आजम गैंग का साथी है इकबाल वाइपर। आरोपियों के इकबाल वाइपर के घर हमला करने और डकैती डालने की योजना थी और इसी को अंजाम देने के लिए वे इकट्ठे हुए थे। सभी आरोपियों के लिए 10 से 20 मामले दर्ज हैं और गैंग के मुखिया इमरान कुंजड़ा के खिलाफ 43 मामले दर्ज हैं, 7 मामलों में वांछित होने के चलते इस पर राज्य स्तर पर 5 हजार रूपए का इनाम भी घोषित था।

एसपी विश्नोई ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी में स्पेशल टास्क फोर्स के कांस्टेबल सलीम की मुख्य भूमिका रही है। इनके गैलेंट्री प्रमोशन की पुलिस मुख्यालय से सिफारिश की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी में भूमिका निभाने वाली टीम के सभी सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। टीम में हैडकांस्टेबल सुखदेव सिंह, गजराज सिंह, कांस्टेबल सलीम, प्रहलाद पाटीदार, योगेश कुमार, यशपाल, अनिल पूनिया, भारत सिंह, भंवर लाल, ओमप्रकाश, दिनेश की मुख्य भूमिका रही है।

Exit mobile version