देश में कुछ ताकतें माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेंगी, साम्प्रदायिक सौहार्द बनाएं रखें : गृहमंत्री
arln-admin
नई दिल्ली,(ARlive news)। पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रीनगर में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने श्रद्धांजलि दी और पार्थिव देह को कंधा दिया। इसके बाद राजनाथ सिंह हॉस्पिटल गए और वहां घायल जवानों का हौंसला बढ़ाया। राजनाथ सिंह ने गृह सचिव, राज्यपाल, सेना कमांडर सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद आतंकी ताकतें देश में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करेंगी, तो मेरी जनता से अपील है कि देश में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखें। ऐसे माहौल में सभी देशवासी एक हैं, चाहे वह किसी भी जाति, पंथ या धर्म के हो। सभी को मिलकर इस परिस्थिति का सामना करना है। इसलिए किसी भी उन्माद में नहीं आएं और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाएं रखें।
पाकिस्तान से पैसा लेने वालो पर रहेगी नजर
राजनाथ सिंह ने बैठक में निर्देश दिए कि देश में ऐसे कुछ लोग हैं, जो पाकिस्तान से पैसा लेते हैं या आईएसआई से उनकी मिलीभगत है, तो खुफिया एजेंसियां ऐसे लोगों पर नजर रखें। यह हमला करने वालों की सीमा पार की आतंकवादी ताकतें या आईएसआई से मिलीभगत रही है। ये ताकतें न सिर्फ जम्मू-कश्मीर बल्कि वहां के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। इन आतंकवादी ताकतों ने लड़ने में पूरा देश और जम्मू-कश्मीर की जनता हमारे साथ है।
सेना का काफिला चलेगा तो सिविलियन्स का मूवमेंट रोका जाएगा
राजनाथ सिंह ने निर्देश दिए कि भविष्य में कभी भी सीआरपीएफ के जवानों का बड़ा काफिला चलेगा तो कुछ देर के लिए वहां सिविलियन्स का मूवमेंट रोक दिया जाएगा। राजनाथ सिंह ने जनता से अपील की कि ऐसा करने से शायद आज जनता को कुछ असुविधा हो, लेकिन यह सुरक्षा के लिए अब जरूरी है।