Site icon AR Live News

जावड़ेकर ने लाभार्थियों की रिकॉर्डिंग कर फेसबुक पर वायरल करने का कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र

उदयपुर,(ARlive news)। भाजपा के गुरूवार को शक्ति केन्द्र संयोजक सम्मेलन में केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को प्रचार का मंत्र देते हुए कहा कि आप सभी लाभार्थियों के वीडियो रिकॉर्ड कर अपने-अपने फेसबुक पर वायरल करो। प्रचार करने के लिए कुछ और नहीं चाहिए। जावड़ेकर ने कहा आपके आस-पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई योजनाओं के लाखों लाभार्थी हैं, अपने आस-पास इन लाभार्थियों से बात करो, रिकॉर्डिंग कर सोशल मीडिया पर वायरल करो।

प्रकाश जावड़ेकर ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कल मेरे पास किसी ने मैसेज किया, जिसमें लिखा था कि राजनीति में आकर किसको बचाओगी, मैया को, भैया को, सैंया को या कांग्रेस की डूबती हुई नैया को। जावड़ेकर ने विपक्ष के महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि जहां जितना कीचड़ उछालोगे उतनी ही ताकत से वहां कमल खिलेगा। जावड़ेकर ने कार्यकर्ताओं में जोश फूंकने की कोशिश की और 25 में से 25 सीट पर कमल खिलाने के लिए कहा।

सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, सांसद अर्जुनलाल मीणा, सीपी जोशी, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली, देहात जिला अध्यक्ष भंवर सिंह पंवार सहित, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जुबान फिसली : जावड़ेकर मराठी में बोले, तो राजस्थानी कार्यकर्ता शक्ल देखने लगे

सम्मेलन के बीच जावड़ेकर जब कार्यकर्ताओ से बात कर रहे थे तभी उनका कोई फ़ोन आया, फ़ोन पर तो उन्होंने मराठी में बात कर ली और तुरंत बाद बाद कार्यकर्ताओ से मराठी में ही प्रश्न पूछ लिया। प्रश्न जब समझ नही आया तो सब उनकी शक्ल देखने लग गए, तो एकाएक जावड़ेकर को याद आया कि वे राजस्थान में है तो उन्होंने को हिंदी में दोहराया तो सब हंस पड़े।

जावड़ेकर ने ली शक्तिकेन्द्र प्रमुख, जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

जावड़ेकर ने भाषण शुरू करने से पहले उदयपुर शक्ति केन्द्र प्रमुख, बूथ प्रमुख, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर के शक्तिकेन्द्र प्रमुख सहित जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उपस्थिति ली। इसके बाद कार्यकर्ताओं को मंच पर बुलाकर उनसे केन्द्रीय सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के संबंध में उनके अनुभव पूछे। इसके बाद जावड़ेकर ने कहा कि यहां से जाकर सीधे अपने क्षेत्र में जाना और लाभार्थियों के वीडियो रिकॉर्ड करें और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करें।

Exit mobile version