Site iconSite icon AR Live News

गहलोत सरकार ने पेश किया 31 जुलाई तक का लेखानुदान : जानिए जनता को क्या मिला

गंभीर बीमारियों की भी मिलेंगी निशुल्क दवाएं, बेणेश्वर धाम विकास बोर्ड बनेगा।

जयपुर,(ARlive news)। लोकसभा चुनाव से पहले गहलोत सरकार ने बुधवार को चार महीने के लिए लेखानुदान विधानसभा में पेश किया। करीब 84 हजार करोड़ रूपए के इस बजट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सरकार बनने के बाद घोषित की गई योजनाओं को दोहराने के साथ चार बड़ी घोषणाएं भी की, इसमें एक महत्वपूर्ण घोषणा उदयपुर संभाग के आदिवासी अंचल के बेणेश्वर धाम के लिए हुई।

मुख्यमंत्री गहलोत ने लेखानुदान पेश करते हुए पिछली सरकार पर प्रदेश को कर्ज में डुबाने और वित्तीय कुप्रबंधन के आरोप लगाकर निशाना साधा। यह लेखानुदान भले ही चार महीनों को ध्यान में रखते हुए पेश किया गया है, लेकिन इसमें लोकसभा चुनाव को देखते हुए ग्रामीण, युवाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, बालिकाओं सहित आदिवासी अंचल सहित कई वर्गों को खुश करने का प्रयास किया है। हालां कि यह लेखानुदान 31जुलाई तक के लिए है, मुख्य राज्य बजट सरकार जुलाई में पेश करेगी।

आदिवासी अंचल : बेणेश्वर धाम की आदिवासी अंचल के काफी मान्यता है और लोगों की आस्था यहां से जुड़ी है। इसके विकास के लिए गहलोत से बेणेश्वर धाम विकास बोर्ड बनाने की घोषणा की।

स्वास्थ्य : गहलोत ने लेखानुदान पेश करते हुए कहा कि अपनी पिछली कांग्रेस सरकार की निशुल्क दवा योजना को और मजबूत बनाते हुए गहलोत ने कैंसर, किडनी, हार्ट की गंभीर बीमारियों की दवाएं भी निशुल्क दवा योजना के तहत उपलब्ध करवाने की घोषणा की, साथ ही 600 नए दवा वितरण केन्द्र खोले जाएंगे। जोधपुर में संक्रामक रोगों के हॉस्पिटल को उच्च स्तरीय बनाने की घोषणा भी की।

युवा : गहलोत ने कहा कि राज्य की सभी पंचायतों को वाई-फाई युक्त किया जाएगा। स्टार्टअप्स के लिए इंक्यूबेटर में एक हजार सीट को सीधे दो गुना कर दो हजार सीट करने की घोषणा से गहलोत ने राज्य के युवाओं को जोड़ने का प्रयास किया है और शिक्षित युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा भी की।

किसान-ग्रामीण : दूध उत्पादकों को लेकर पिछली कांग्रेस सरकार की योजना को दोबारा शुरू करते हुए प्रति लीटर दूध उत्पादन पर 2 रूपए की सबसीडी देने की घोषणा की। गहलोत ने कहा कि लघुसीमांत किसानों का कर्जा माफ होगा। बीपीएल परिवारों को एक रूपए प्रति किलो गेहूं दिया जाएगा। किसानों को वृद्धावस्था पेशंन दिए जाने की भी घोषणा गहलोत ने की।

शिक्षा : कॉलेज तक बालिकाओं की मुफ्त शिक्षा मिलेगी। हरदेव जोशी विश्वविद्यालय सहित दो युनिवर्सिटी दोबारा शुरू होंगी।

उद्योग : एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल बनेगा।

Exit mobile version