Site icon AR Live News

बदमाश पुलिस को ही गलत नाम-पता बता कर देते हैं गुमराह : फोटो पहचानपत्र लेना हुआ अनिवार्य

मुख्यालय ने माना कई आरोपी गलत नाम-पता बताकर जमानत या मुचलके पर छूट जाते हैं, बाद में तलाश कर पाना असंभव हो जाता है। 

लकी जैन,(ARlive news)। पुलिस को अब किसी भी आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही उसके नाम-पता के सत्यापन के लिए फोटो पहचान पत्र दस्तावेज के साथ संलग्न करना जरूरी होगा। इस संबंध में डीपीजी कपिल गर्ग ने सभी जिलों के उपायुक्त और एसपी को स्थाई आदेश् जारी किए हैं।

आदेश में डीजीपी ने लिखा है कि ऐसे कई आपराधिक प्रकरणों में पाया गया है कि आरोपी गलत नाम, पते बताकर जमानत या मुचलके पर रिहा हो जाते हैं। बाद में इन आरोपियों की तलाश कर पाना असंभव हो जाता है। न्यायालय से सम्मन अथवा वारंट प्राप्त होने पर कठिनाई आती है तथा जब तामील करवाई जाती है, तो नाम पता गलत होने की रिपोर्ट प्रेषित की जाती है।

इन स्थितियों से निपटने के लिए निर्देश दिए जाते है कि भविष्य में परिवादी, आरोपी, मौतबीरान, जामिन विषेषज्ञों, एफएसएल विषेषज्ञों, मेडिकल ज्युरिस्ट, अनुसंधान अधिकारी आदि के संबंध में सूचनाएं सही, पूर्ण एवं स्पष्ट रूप से अंकित करेंगे, तथा पहचान के लिए फोटो युक्त पहचान पत्र की मूल काॅपी देखकर उसकी फोटोकाॅपी लगाएं। आरोपियों के फोटो पहचान पत्र देखने के बाद उसकी दो फोटो काॅपी प्राप्त करने के बाद ही उनके मुचलके व जमानत स्वीकार की जाए।

डीजीपी कपिल गर्ग ने यह भी निर्देश दिए है कि थाने में प्रस्तुत होने वाले पुलिस अधिकारी और कर्मचारी न्यायालय से भी निवेदन करें कि आरोपी और उसकी जमानत देने वाले व्यक्ति के पहचानपत्र उपलब्ध होने के बाद ही उन्हें मुचलके व जमानत पर रिहा करें। डीजीपी ने स्पष्ट आदेश दिए है कि सभी थानों में यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी जाए।

उदयपुर में एक आरोपी के गलत नाम-पते से निर्दोश को होना पड़ा था परेशान

जानकारी के अनुसार कुछ वर्ष पहले नाई थाने में ऐसा ही हुआ था। पुलिस ने एक आपराधिक प्रकरण में आरोपी को पकड़ा था। आरोपी ने अपने बजाए किसी अन्य के नाम-पते बता दिए थे। पुलिस ने आरोपी का उसी नाम पते से चालान भी कर दिया था। बाद में जब आरोपी कोर्ट पेशियों पर नहीं पहुंचा तो सम्मन किसी और के घर पहुंचे और एक बेकसूर व्यक्ति को इस केस में काफी परेशानी उठानी पड़ी। बाद में पता चला कि गिरफ्तार के समय ही आरोपी ने अपने नाम-पते गलत लिखाए थे। तब संबंधित थानेदार की न्यायालय से भी फटकार पड़ी थी।

Exit mobile version