Site icon AR Live News

प्रदेश में मॉडल बनी “लेडी पेट्रोल टीम” उदयपुर में ही रामभरोसे : ऐसे तो खो देगी पहचान

टीम लीडर हेडकांस्टेबल कमला के स्वेच्छिक सेवानिवृति के बाद नहीं हो पा रही मॉनीटरिंग, टीम को लेडी सिंघम की जरूरत।

उदयपुर,लकी जैन, (ARlive news)। दो साल पहले उदयपुर में शुरू हुई लेडी पेट्रोल टीम भले ही पूरे प्रदेश के लिए एक मॉडल साबित हुई हो और इसकी तर्ज पर राजधानी सहित कई जिलों में लेडी पेट्रोल टीम शुरू की गई, लेकिन पिछले तीन महीनों से यह उदयपुर में ही रामभरोसे होकर अपनी पहचान खो रही है।

मनचलों को सबक सिखाने और रात आठ बजे के बाद खुली हुई शराब की दुकानों के लिए खौफ बनी लेडी पेट्रोल टीम इन दिनों अधिकतर वीआईपी ड्यूटी ही कर रही है, क्यों कि इनका कोई इंचार्ज ही नहीं है। पिछले तीन महीनों में लेडी पेट्रोल टीम की कार्यवाहियों में भी भारी कमी आई है। यही हाल बना रहा तो उदयपुर की जिस लेडी पेट्रोल टीम को देखकर अन्य जिलों में यह टीम गठित हुई, उसी उदयपुर में यह अपनी पहचान खो देगी।

जानकारी के अनुसार टीम जब शुरू हुई थी तो इस टीम के इंचार्ज के लिए बहुत सख्त, अनुशासित और ईमानदार लेडी हेडकांस्टेबल कमला को चुना गया था। हेडकांस्टेबल कमला ने न सिर्फ पूरी टीम को अनुशासन में रखा, बल्कि इस टीम को मोटीवेट कर और समय पर ड्यूटी में भेजकर कई बेहतरीन कार्यवाहियां करवाईं।

टीम की रिपोर्टिंग एडि.एसपी सिटी को थी, तो हेडकांस्टेबल कमला ही अपनी टीम के किए कार्यों की रिपोर्टिंग एडि.एसपी सिटी को करती थी। नवंबर 2018 में करीब तीन महीने पहले लेडी पेट्रोल टीम की इंचार्ज हेडकांस्टेबल कमला ने स्वैच्छिक सेवानिवृति ले ली। इसके बाद से टीम बिलकुल बेसहारा सी रामभरोसे चल रही है।

जानकारी के अनुसार लेडी पेट्रोल टीम अभी लाइन ऑफिसर को ही रिपोर्ट कर देती हैं, लेकिन लाइन ऑफिसर के पास पहले से ही इतनी जिम्मेदारियां हैं कि लेडी पेट्रोल टीम के साथ को-ऑर्डिनेशन करना उनके लिए मुश्किल होता है।

सवाल है कि क्या विभाग के पास ऐसी कोई अनुशासित और ईमानदार महिला पुलिस कर्मी नहीं है, जो इस लेडी पेट्रोल टीम को लीड कर सके। अगर है तो फिर क्यों, पिछले तीन महीनों से लेडी पेट्रोल टीम बेसहारा सी है।

एडि.एसपी सिटी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा ने बताया कि लेडी पेट्रोल टीम की इंचार्ज जल्द ही लगा देंगे। टीम पूरे जोश के साथ कार्यवाहियां करेगी।

Exit mobile version