Site icon AR Live News

जेल भरो आंदोलन : पुलिस आंदोलनकारियों को सिटी बसों में ले गई और पुलिस लाइन छोड़ दिया

कर्जा 99 हजार करोड़ रूपए का है, सरकार बिक जाए तो भी माफ नहीं कर सकती। 

उदयपुर,(ARlive news)। जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को भाजपा नेता, कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस से किसानों की संपूर्ण कर्जा माफी करवाने को लेकर जेल भरो आंदोलन किया। जिले के छह भाजपा विधायक और सभी विधानसभा सीटों के कार्यकर्ता टाउन हॉल इकट्ठे हुए। शहर में जुलूस निकालते हुए कलेक्ट्री पहुंचे और गिरफ्तारियां दी।

खासबात रही कि कटारिया सहित सभी विधानसभा क्षेत्र से आए 1251 कार्यकर्ताओं ने पुलिस को गिरफ्तारियां तो दीं, लेकिन जेल भरो आंदोलन में जेल तक तो कोई नहीं पहुंचा। पुलिस ने सभी आंदोलनकारियों को पुलिस बसों और शहर में चलने वाली सिटी बसों में बैठाया और मात्र तीन किलोमीटर दूरी स्थित पुलिस लाइन के बाहर छोड़ दिया।

नेताप्रतिपक्ष व शहर विधायक गुलाब चंद कटारिया और सभी विधायकों के नेतृत्व में हजार से अधिक कार्यकर्ता टाउन हॉल से निकले और सूरजपोल से देहलीगेट होते हुए कलेक्ट्री पहुंचे। कलेक्ट्री पर कटारिया ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए किसानों से कर्जा माफी का झूठा वादा किया, अब जब कर्जा माफी करने की बारी आई तो कहा कि डिफॉल्टर्स का कर्जा माफ करेंगे। कटारिया ने कहा हमारी सरकार ने जब 50 हजार रूपए तक का कर्जा माफ किया था, तो पूरा हिसाब दिया था, लेकिन इनके पास तो कोई हिसाब ही नहीं हैं।

कटारिया ने कहा कि राज्य के सभी किसानों पर सभी बैंकों से लिए कर्जा की बात करें तो वह 65 लाख किसानों पर 99 हजार करोड़ रूपए का कर्जा है। यह कर्जा तो इनकी सरकार बिक जाए तो भी नहीं दे पाएगी, कर्जा माफी की बात कर ये किसानों को धोखा दे रहे हैं। किसाना इन झूठ का कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में जवाब देंगे।

Exit mobile version