Site iconSite icon AR Live News

मुख्यमंत्री गहलोत ने नाथद्वारा में श्रीनाथजी के दर्शन किए : 351 फीट ऊँची शिव मूर्ति का किया अवलोकन

विधानसभा अध्यक्ष जोशी के पुत्र के विवाह समारोह में नाथद्वारा पहुंचे सीएम गहलोत।

उदयपुर,(ARlive news)। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होने नाथद्वारा पहुंचे। गहलोत ने नाथद्वारा पहुंचते ही सबसे पहले प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन किए, इसके बाद विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री का हवाई पट्टी पर सीपी जोशी ने अगवानी की और संभाग के विभिन्न हिस्सों से आए जन प्रतिनिधि, समाजसेवी एवं आम जन ने स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने नाथद्वारा पहुंच कर प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन किए और प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना की। मन्दिर की ओर से गोस्वामी महाराज ने उनका स्वागत कर समाधान करवाया और पान बीड़ा, प्रसाद, शॉल एवं प्रभु श्रीनाथजी की छवि भेंट की। विधान सभाध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी एवं मंत्री गण को भी मन्दिर की ओर से समाधान कर प्रसाद भेंट किया गया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने नाथद्वारा के पास पहाड़ी पर मिराज ग्रुप की ओर से बनवायी जा रही 351 फीट ऊँची विशाल शिव मूर्ति व इससे संबंधित क्षेत्र के विकास कार्य को देखा की। मिराज ग्रुप के संस्थापक मदन पालीवाल ने मुख्यमंत्री को इस योजना की विस्तार से जानकारी दी।

विधानसभाध्यक्ष के पुत्र के विवाह समारोह में हुए शरीक

मुख्यमंत्री ने नाथद्वारा के दामोदर स्टेडियम में विधानसभाध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी के पुत्र के विवाह-आशीर्वाद समारोह में हिस्सा लिया और नव दम्पत्ति को आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर उनके स्वागत में उमड़े सैकड़ों की संख्या में मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सहकारिता एवं इन्दिरा गांधी नहर परियोजना मंत्री उदयलाल आंजना, खान मंत्री प्रमोद भाया, कृषि-पशुपालन एवं मत्स्यपालन विभागीय मंत्री लालचन्द कटारिया, स्टेट मोटर विभाग, भाषा विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री राजेन्द्र सिंह यादव, भीम विधायक सुदर्शन सिंह रावत, संभागीय आयुक्त भवानीसिंह देथा, पुलिस महानिरीक्षक प्रफुल्ल कुमार, जिला कलक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल, जिला पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर राकेश कुमार गढ़वाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोविन्द सिंह राणावत, सहित संभाग से बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधिगण और विशिष्टजन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री राजसमन्द का दौरा पूर्ण कर रविवार दोपहर राजकीय विमान से बांसवाड़ा पहुंचे।

Exit mobile version