
उदयपुर,(ARlive news)। गोवर्धन विलास पुलिस ने भेड़-बकरियों की खाल के आड़ में तस्करी के लिए शराब लेकर जा रहे आरोपी बाघोला, नाथद्वारा, राजसमंद निवासी शंकरलाल पुत्र पन्नालाल गायरी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शराब तस्करी का आदि है। पिछले दिनों पुलिस ने बलीचा हाईवे के पास से एक पिकअप गाड़ी को पकड़ा था। देखने पर इसमें भेड़-बकरियों की खाल रखी थी, लेकिन जब पुलिस ने इसकी तलाश ली तो खालों के नीचे अवैध शराब से भरे कार्टन बरामद हुए थे। पिकअप चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था।
थानाधिकारी भवान सिंह राजावत ने बताया कि मामले की तफ्तीश कर वह पिकअप गाड़ी के जरिए इसके मालिक शंकरलाल गायरी तक पहुंची। शंकरलाल गायरी ने पूछताछ में शराब तस्करी करना कबूल किया, उसने बताया कि उसने इसके लिए ऐसी 6 गाड़ियां खरीदी थीं। एक गाड़ी गुजरात पुलिस ने पकड़ी थी, एक पिछले दिनों गोवर्धन विलास पुलिस ने पकड़ ली और चार गाड़ियां बॉडी तैयार होने के लिए मैकेनिक के यहां हैं। शंकर से पूछताछ कर पुलिस ने तस्करी में शामिल दो अन्य बदमाशों को भी नामजद किया है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।