Site icon AR Live News

चीन ने पैदल सेना में करीब 50 फीसदी की कटौती कर किया ‘अप्रत्याशित’ रणनीतिक बदलाव

बीजिंग,(ARlive news)। दुनिया की सबसे बड़ी सेना पीपुल्स लिबरेशन (PLA) वाले चीन ने अपनी सेना में अचानक ‘अप्रत्याशित’ रणनीतिक बदलाव किया है। चीन ने अपनी पैदल सेना में करीब 50 फीसदी की कटौती कर दी है और नौसेना एवं वायु सेना को मजबूत बनाया है। पीएलए को एक व्यापक आधुनिक बल बनाने के इरादे से चीन ने यह रणनीतिक बदलाव किया है। चीन अपनी सेना को आधुनिक रखने के लिए भी जाना जाता है।

हांग कांग स्थित साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट ने कहा है कि 20 लाख वाले चीनी सैन्य प्रतिष्ठान ने अपनी नौसेना, वायुसेना एवं नई सामरिक यूनिटों को अत्यंत मजबूत बनाया है और पैदल सेना के आकार में कटौती की है। इस रिपोर्ट में पीएलए की तरफ से किए गए इस ‘बदलाव’ को प्रमुखता से बताया गया है। रिपोर्ट में कहा ‘पीएलए के इतिहास में यह नया डाटा अप्रत्याशित है। पैदल सेना की कुल संख्या का 50 प्रतिशत से भी कम हो गई है। हमारी करीब आधी गैर-लड़ाकू यूनिटों को बाहर कर दिया गया है और पीएलए में अधिकारियों की संख्या 30 प्रतिशत कम कर दी गई है।

चीन की सेना के आकार में हुए इस बदलाव पर शंघाई स्थित सैन्य विशेषज्ञ नी लेक्यांग ने कहा कि यह चीन के रणनीतिक बदलाव को दर्शाता है। उनका कहना है कि चीन की सीमा पर शत्रु से लड़ाई के समय नौसेना, वायु सेना एवं मिसाइल यूनिटें ज्यादा प्रभावी और महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इस रिपोर्ट से जाहिर है कि पीएलए की चार अन्य इकाइयां-नौसेना, वायु सेना, रॉकेट फोर्स एवं स्ट्रेटेजिक सपोर्ट फोर्स की संख्या उसकी आधी संख्या से अधिक हो गई है। चीन की पैदल सेना अन्य इकाइयों में हमेशा से प्रभावशाली रही है लेकिन इस कटौती के बाद अब उसकी यह उपलब्धि छिन गई है।

यह पहली बार नहीं है जब पीएलए की संख्या में कटौती करने की बात सामने आई है। इसके पहले भी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग सेना के आकार में कटौती करने की पहल कर चुके हैं। राष्ट्रपति जिनपिंग ने सैन्य सुधारों को आगे बढ़ाते हुए हाल के वर्षों में तीन लाख सैन्यकर्मियों की छुट्टी की है। इस कटौती के बावजूद चीन के पास दुनिया की सबसे बड़ी सेना है। उसकी सेना में 20 लाख सैन्यकर्मी हैं।

सोर्स: जीएनएस न्यूज एजेंसी

Exit mobile version