पर्यटक बने पुलिसकर्मियों ने धरदबोचे 26 लपके,
डीजीपी की तर्ज पर उदयपुर में भी एसपी ने शुरू किए डिकॉय ऑपरेशन।
एडि.एसपी पारसमल जैन ने बताया कि एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई के निर्देश पर पुलिस अधिकारी और एसएचओ की चार टीमें बनाई गई थी। इस डिकॉय ऑपरेशन के लिए इन टीमों ने गुजरात नंबर की गाड़ी की व्यवस्था की। हर टीम में पुलिस अधिकारी, वह महिला पुलिसकर्मी पर्यटकों की तरह सादा वस्त्र, जींस-टीशर्ट, साड़ी में पर्यटक बनकर निकले। सभी गाड़ी से पहले सुखेर हाईवे, गोवर्धनविलास हाईवे गए और पर्यटक की तरह शहर में प्रवेश किया।
लपकों ने बाइक से पीछा कर जबरन रूकवाया पुलिस की कार को
जैसे ही पर्यटक बने पुलिसकर्मियों की गाड़ी शौभागपुरा चौराहा, आरके चौराहा, फतहपुरा या सुखाड़िया सर्किल पहुंची, लपकों ने इन्हें घेरना, जबरन पीछे पड़ना और किसी भी तरह से पर्यटक के साथ होने के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। कुछ लपकों ने इनकी गाड़ी का बाइक से पीछा तक किया और साइड में आकर जबरन गाड़ी को रोका। गाड़ी पर चलते-चलते ही लपकों ने पूरे शहर को घुमाने, हैंडीक्राफ्ट की दुकानों से खरीददारी करवाने सहित कई लालच, ऑफर दे डाले और झांसे में लेने का प्रयास किया। पुलिस भी पर्यटक बनकर जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, लपकों को पकड़ती गई।
इस ऑपरेशन ने पुलिस अधिकारियों को यह एहसास भी करा दिया कि झीलों की इस नगरी में पर्यटकों का सुरक्षित घूमना और लपकों के चंगुल से बचना कितना मुश्किल है।
एडि.एसपी पारसमल जैन ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए भविष्य में भी पुलिस ऐसे डिकॉय ऑपरेशन जारी रखेगी। गिरफ्तार हुए 26 लपकों पर न सिर्फ पर्यटन एक्ट में कार्यवाही हुई है, बल्कि इन्हें सीआरपीसी की धारा 151 के तहत भी गिरफ्तार किया गया है।
