Site icon AR Live News

सरकारी स्कूल-कॉलेज में बच्ची से करवाते थे टॉयलेट की सफाई : मेहनताना काकी रख लेती थी

उदयपुर,(ARlive news)। बालकल्याण समिति के निर्देश पर बुधवार को गोगुंदा में चाइल्ड लाइन, श्रम विभाग और मानव तस्करी विरोधी यूनिट ने प्रताप चौक पर कार्यवाही करते हुए वहां से एक नाबालिक बालिका को काम करते रेस्क्यू किया है।

बच्ची से सरकारी स्कूल, कॉलेज, निजी स्कूल और प्रताप चौक में झाड़ू-पौंछा और टॉयलेट की सफाई का काम करवाया जा रहा था। बालिका ने बताया कि उसकी काकी, एक ठेकेदार से मिलकर उसे काम पर भेजती थी और यह सारे काम करवाती थी। इस काम के बदले उसे कॉलेज से 1500 रूपए, सरकारी स्कूल से 500 रूपए और निजी स्कूल से 1000 रूपए मेहनताना के मिलते थे। लेकिन यह सारे रूपए ठेकेदार और काकी अपने पास रख लेती थी और बालिका को एक पैसा नहीं देती थी।

बालिका ने बताया कि वह काम करने जाने से मना करती थी, तो काकी उसे जबरन काम पर भेजती थी और नहीं जाने पर मारपीट कर परेशान करती थी। पुलिस ने बालिका से बात करने के बाद ठेकेदार प्रहलाद और काकी के खिलाफ जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सीडब्ल्यूसी सदस्य बीके गुप्ता ने बताया कि बच्ची की काउंसलिंग कर मीरा निराश्रित गृह भेज दिया है।

Exit mobile version