Site icon AR Live News

भाजपा को सर्वोच्च न्यायालय से बड़ा झटका : पश्चिम बंगाल में रथ यात्रा को मंजूरी नहीं!

नई दिल्ली,(ARlive news)। सर्वोच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को रथ यात्रा निकालने की फिलहाल की तैयारी पर रोक लगा दी है। एक मायने में सर्वोच्च न्यायालय से भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। न्यायालय ने मंगलवार को बीजेपी की रथयात्रा को मंजूरी देने से इनकार कर दिया।

बता दें कि पिछले दिनों पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने बीजेपी की रथयात्रा को यह कहकर मंजूरी देने से इनकार किया था कि इससे सूबे में सौहार्द बिगड़ेगा। बाद में भारतीय जनता पार्टी ने इस फैसले को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। हाई कोर्ट की सिंगल बेंच ने रथयात्रा की मंजूरी दे दी थी, लेकिन डिविजन बेंच ने रथयात्रा को मंजूरी नहीं दी। हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ बीजेपी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी।

सर्वोच्च न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता की रथ यात्रा से सौहार्द बिगड़ेगा। कोर्ट ने भाजपा से रथयात्रा को लेकर एक नया शेड्यूल राज्य सरकार को देने का निर्देश दिया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राज्य सरकार बीजेपी के नए यात्रा शेड्यूल पर संवैधानिक प्रावधानों को ध्यान में रखकर फैसला ले ताकि इनका मौलिक अधिकार प्रभावित न हो।

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बीजेपी की स्टेट यूनिट राजनीतिक बैठकें और रैलियां कर सकती है। हालांकि, कोर्ट ने कहा कि अगर बीजेपी रथयात्रा के लिए नए सिरे से योजना बनाती है तो उसपर बाद में विचार किया जा सकता है।

Exit mobile version