Site iconSite icon AR Live News

जयपुर में नाबालिग से दुष्कर्म कर गला दबाकर की हत्या, जंगल में मिला शव

जयपुर (ARlive news)। जयपुर के आमेर थाना इलाके में एक नाबालिग बालिका से दुष्कर्म करने के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। बालिका का शव मंगलवार को जंगल में अर्धनग्न अवस्था में मिला। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है,उससे पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार बालिका का शव आमेर थाना इलाके के चैनपुरा गांव के पास जंगल में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। शव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस और डीसीपी नॉर्थ विकास शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई। शिनाख्त होने के बाद पता चला कि बालिका सोमवार शाम से अपने घर से लापता थी। परिजनों ने बालिका के लापता होने की कोई सूचना पुलिस को नहीं दी थी.

एक युवक को लिया हिरासत में : प्रारंभिक जांच के बाद डीसीपी विकास शर्मा ने बताया के बालिका के साथ पहले दुष्कर्म किया गया है, फिर रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर युवक को हिरासत में लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस वारदात की कड़ी से कड़ी जोड़ने का प्रयास कर रही है।

Exit mobile version