Site icon AR Live News

प्रशासन अब फिर गतिमान होगा : जिले में 1 फरवरी से शुरू होगा अभियान

उदयपुर,(ARlive news)। नई सरकार बनने के बाद उदयपुर जिला प्रशासन अब फिर से गतिमान होगा। जिले के कोटड़ा एवं झाड़ोल ब्लाक के सुदूर इलाकों में बसने वालों तक सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पहुंचाने के लिए “गतिमान प्रशासन” आगामी 1 फरवरी से प्रारंभ किया जाएगा।

यह जानकारी सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान कलक्टर ने देते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए।

कलक्टर आनंदी ने पहल करते हुए इस आदिवासी इलाके के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए फिर से यह बीड़ा उठाया है। इसके तहत विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान करने एवं इन योजनाओं से लोगों को जोड़ने के लिए दोनो ब्लाक में एक-एक वाहन संचालित होगा जो निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मोबाइल कैम्प के रूप में कार्य करेगा।

कलक्टर आनंदी ने कहा कि लम्बे अरसे बाद पुनः प्रारंभ किए जा रहे इस अभियान की तैयारी में संबंधित विभाग अपनी नवीनतम योजनाओं एवं उनका लाभ प्रदान करने की समस्त प्रक्रिया की अद्यतन तैयारी सुनिश्चित करें।

इस गतिमान प्रशासन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, रसद, शिक्षा आदि अपनी सेवाएं देंगे।

उन्होंने बताया कि जिले के दूर-सुदूर क्षेत्रों में निवासरत लोगों की सुविधार्थ यह गतिमान प्रशासन नवीन तकनीकी सुविधाओं एवं नवाचारों के साथ पुनः प्रारंभ किया जा रहा हैं, ताकि सरकार की विभिन्न योजनाओं के साथ जनसुविधाओं का लाभ हर तबके को मिले। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नई स्कीम एवं उससे जुड़ी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि आधार एवं ई-मित्र की सुविधाएं भी इसके माध्यम से लोंगों तक पहुंचाई जाएं।

Exit mobile version