
इस रिपोर्ट की खासबात यह है कि समीर खान, कासम जाफर और हाजी इस्माईल तीनों के एनकाउंटर में जिम्मेदार सिर्फ गुजरात के इंस्पेक्टर से कांस्टेबल तक के निम्न श्रेणी के पुलिसकर्मी को बताया गया है। लेकिन आईपीएस की भूमिका को लेकर कोई अनुशंषा नहीं की है।
समीर खान को यह कहकर मारा गया कि वह जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी है और तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को मारने की साजिश रच रहा था। अब सवाल यह है कि जो एनकाउंटर मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा हो, उसको अंजाम देने में सिर्फ एक-दो इंस्पेक्टर ही जिम्मेदार हो सकते है?
सोहराबुद्दीन-तुलसी एनकाउंटर केस में भी यही हुआ। सीबीआई ने चार्जशीट में इन एनकाउंटर को राजनीतिक और आर्थिक फायदे के लिए की जाने वाली एक “लार्जर कॉन्सपीरेसी” बताया, लेकिन ट्रायल से पहले ही यह “लार्जर कॉन्सपीरेसी” में शामिल सभी राजनेताओं, रसूकात व्यवसायियों और आईपीएस अधिकारियों कुल 16 आरोपियों को बरी कर दिया गया और केस की ट्रायल उन निम्न श्रेणी के पुलिसकर्मियों ने भुगती, जिन्हें इस केस से न तो कोई राजनीतिक फायदा था और न ही आर्थिक लाभ पहुंचा। इस बात की पुष्टि तो खुद केस में मुख्य अनसुंधान अधिकारी रहे सीबीआई एसपी अमिताभ ठाकुर और संदीप तामगड़े ने की थी। लेकिन ट्रायल तीन राज्य गुजरात, राजस्थान और आंध्रप्रदेश के इन निम्नश्रेणी पुलिसकर्मियों ने भुगती, ये अब ट्रायल कोर्ट से बरी हुए हैं। सीबीआई ने चार्जशीट में जिन 15 आरोपी जिसमें राजनेता, आईपीएस और रसूकात व्यवसायी शामिल हैं को सोहराबुद्दीन-तुलसी एनकाउंटर केस से राजनीतिक और आर्थिक फायदा होने का दावा किया था, वे तो ट्रायल से पहले ही डिस्चार्ज हो चुके हैं और इनके खिलाफ तो सीबीआई ने हाईकोर्ट में भी अपील नहीं की।
हम यहां उन्हीं 17 एनकाउंटर्स पर लौटते हैं, जिनके अनुसंधान की अंतिम रिपोर्ट जस्टिस बेदी ने सुप्रीम कोर्ट में गत वर्ष फरवरी में पेश कर दी थी और इसी 9 जनवरी को चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया रंजन गोगोई की अध्यक्षता की बैंच ने इस अनुसंधान रिपोर्ट से संबंधित गुजरात सरकार की याचिका पर सुनवाई कर उसे खारिज कर दिया। इस याचिका में जस्टिस बेदी की अनुसंधान रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं करने का निवेदन किया गया था। 9 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जस्टिस बेदी की रिपोर्ट को सार्वजनिक कर दिया गया।
इसमें 17 एनकाउंटर्स में समीर खान, कासम जाफर और हाजी ईस्माइल के एनकाउंटर को फर्जी होने का दावा किया गया। समीर खान के एनकाउंटर केस में जस्टिस बेदी की रिपोर्ट ने दो इंस्पेक्टर केएम वाघेला और इंस्पेक्टर टीए बारोट को समीर की हत्या के मामले में चालान करने की अनुशंषा की है। अनुशंषा सिर्फ उन इंस्पेक्टर की गई है, जिन्होंने समीर पर गोली चलाई थी। गोली तीन इंस्पेक्टर ने चलाई थी, लेकिन एक की मृत्यु हो चुकी है, तो चालान की अनुशंषा सिर्फ दो इंस्पेक्टर के लिए की है।
प्रश्न यह है कि पुलिस ने इसे जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ बताया था और इसके मोदी की हत्या की साजिश करने का दावा किया था, इसलिए पुलिस ने इसे पकड़ा और भागने की कोशिश में इसका एनकाउंटर हो गया। जो एनकाउंटर मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया हो, उसमें क्या किसी राजनेता या आईपीएस की भूमिका नहीं होगी ? क्या इसमें सिर्फ उन पुलिस कर्मियों के खिलाफ चालान करना पूरा न्याय होगा, जिन्होंने गोली चलाई थी ?
दूसरा एनकाउंटर कासम जाफर का है। इसमें जस्टिस बेदी की रिपोर्ट में कासम जाफर की हत्या के लिए सब-इंस्पेक्टर जेएम भारवाद और कांस्टेबल गणेश भाई को प्रथमदृष्ट्या आरोपी होने का दावा किया है और इनके खिलाफ केस चलाने की अनुशंषा की है।
इसी प्रकार तस्कर हाजी इस्माईल के एनकाउंटर को फेक एनकांटर बताते हुए जस्टिस बेदी की रिपोर्ट में पांच पुलिस कर्मियों इंस्पेक्टर केजी ईर्दा, सब इंस्पेक्टर एलबी मोनपारा, आईएम यादव, एसके शाह और प्राग पी व्यास को हत्या के आरोपी होने का दावा किया है। रिपोर्ट में अन्य 14 लोगों की हत्याओं को भी फर्जी एनकाउंटर से संबंधित बताया गया है।
