Site iconSite icon AR Live News

नक्सलवाद कहना भी कई बार घातक हो सकता है, इनके प्रतिनिधियों से बात कर समाधान निकालेंगे : आईजी

आईजी प्रफुल्ल कुमार और एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने पदभार ग्रहण किया। 

उदयपुर,(ARlive news)। जिले में नए आईजी प्रफुल्ल कुमार और एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने शुक्रवार सुबह पदभार ग्रहण कर लिया। इस मौके पर दोनों ही अधिकारियों ने पुलिस विभाग की तय वार्षिक प्राथमिकताओं को पूरा करने, क्षेत्र में सुरक्षा, कानून व्यवस्था और साम्प्रदायिक सद्भावना का माहौल बनाए रखने को प्राथमिकता देने की बात कही।

पत्रकार वार्ता में आदिवासी जिलों में बीटीपी के पैर पसारने, भील राज्य की मांग, पुलिस पर बढ़ रहे हमलों और वहां नक्सलवाद जैसे तत्वों के बढ़ने के सवाल पर आईजी प्रफुल्ल कुमार ने कहा कि किसी स्थान के लिए नक्सलवाद शब्द कहना भी कई बार घातक साबित हो सकता है। हर किसी व्यक्ति की एक मांग होती है, जब वह पूरी नहीं होती तो वह उसे छीनने का प्रयास करता है। इसे अभी नक्सलवाद नहीं कह सकते, हां लेकिन इन हालातों को देखते हुए भविष्य में स्थितियां खराब न हों, इसके लिए इनके प्रतिनिधियों से बात करेंगे और इनकी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।

आईजी ने कहा कि बड़े स्तर पर होने वाली मांग में “सिर्फ मैं” के बजाए “सबको साथ लेकर चलने” की भावना होनी चाहिए। आईजी ने कहा संभाग में बड़ी संख्या में ट्राइबल है। ऐसे में पहले हमें उनको और उनके मर्म को समझना होगा, ऐसे में उनकी भावनाओं की कद्र करते हुए कानून सम्मत निर्णय लेंने का प्रयास करेंगे।

आईजी ने कहा मेरा हमेशा से परिवादियों की सुनवाई करने पर जोर रहा है और यहां भी यही रहेगा। इस प्रयास की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे कि परिवादी को ऑफिस दर आफिस भटकना न पड़े, उसकी सुनवाई बिलकुल शुरूआती स्तर पर हो जाए। पुलिसिंग इस प्रकार की होगी कि महिला-बच्चों या किसी भी आमजन को किसी क्षेत्र से निकलने में असुरक्षा महसूस न हो। किसी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की जरूरत महसूस हुई तो वहां यह भी किया जाएगा।

आईजी ने कहा यह टेक्नोलॉजी का युग है, किसी क्षेत्र या जिले में इसको लेकर कोई अच्छा प्रयास हुआ है, जो आमजनता के लिए सहायक और कारगार साबित हुआ है तो उसे संभाग के अन्य जिलों में भी लागू किया जाएगा।

स्कूल के बच्चे नशे की चपेट में आ रहे हैं तो अभियान चलाकर इसका समाधान करेंगे : एसपी

एसपी कैलाश चन्द्र विश्नोई ने पदभार ग्रहण करने के बाद हुई पत्रकार वार्ता में कहा कि पुलिस विभाग की प्राथमिकताओं को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। जिले में आपराधिक घटनाएं कम हो, इसके लिए मजबूत पुलिसिंग करेंगे। पुलिसिंग ऐसी होगी कि आमजनता में पुलिस के प्रति भरोसा कायम हो।

स्कूल के बच्चों के नशे की चपेट में आने की बात पर एसपी विश्नोई ने कहा कि इसके लिए अभियान चलाएंगे और इस समस्या का समाधान करेंगे। डोडाचूरा तस्करों को लेकर एसपी ने कहा कि उदयपुर जिला ट्रांजिट पॉइंट हो सकता है, जब मैं सिरोही में था, तब वहा भी यह समस्या थी। इसकी सख्ती से रोकथाम का प्रयास किया जाएगा।

Exit mobile version