डोडा चूरा तस्कर पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागे : 496 किलो डोडा चूरा बरामद
arln-admin
उदयपुर,(ARlive news)। जिले में तस्करों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि वे पुलिस पर भी फायरिंग करने से गुरेज नहीं कर रहे। बीती रात पुलिस ने जब तस्करों का पीछा किया तो तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग की, बचाव में एसएचओ ने भी क्रॉस फायर किया। इस दौरान तस्कर गाड़ी मौके पर छोड़ कर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने तस्करों की गाड़ी से 496 किलो डोडा चूरा बरामद किया है।
घटना बेकरिया थाना क्षेत्र की है और फायरिंग सायरा एसएचओ यशवंत सोलंकी पर हुई। मंगलवार देर रात पुलिस से मुखबीर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो डोडा चूरा से भरकर तस्करी के लिए जा रही है। पुलिस ने जिले में नाकाबंदी करा दी।
तस्कर गोगुंदा क्रॉस कर चुके थे। आगे बेकरिया थाना क्षेत्र में भी नाकाबंदी थी। यहां की नाकाबंदी देख तस्करों ने पुलिस के बेरिकेट को टक्कर मारकर हटाया और नाकाबंदी तोड़ते हुए आगे बढ़ गए। इस दौरान सायरा एसएचओ यशवंत सोलंकी वायरलैस से मिल रही जानकारी के अनुसार इस स्कॉर्पियों का थाने की गाड़ी से पीछा कर रहे थे। थाने की जीप स्कॉर्पियों के नजदीक पहुंची ही थी कि बचने के लिए तस्कर ने एसएचओ पर फायरिंग कर दी। बचाव में एसएचओ यशवंत सोलंकी को भी क्रॉस फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान तस्कर की गाड़ी बेकरिया थाना क्षेत्र के मेवाड़ों का मठ तक पहुंच चुकी थी। तस्कर की गाड़ी वहां दीवार से टकराई और क्षतिग्रस्त होकर रूक गई। तस्कर गाड़ी मौके पर छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। यशवंत सोलंकी ने जानकारी दी कि उन्होंने एक आदमी को गाड़ी से उतरकर अंधेरे में जंगल की ओर भागते देखा, लेकिन जब तक वे गाड़ी तक पहुंचे, तस्कर फरार हो चुका था।
पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली, तो उसमें प्लास्टिक के 34 कट्टे मिले, जिसमें 496 किलो डोडा चूरा भरा हुआ था। मामले की जांच गोगुंदा एसएचओ भरत योगी कर रहे हैं।
एसएचओ भरत योगी ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह डोडा चूरा छोटी सादड़ी से लाया जा रहा था और यह जालौर में सप्लाई होना था। जब्त स्कॉर्पियो गाड़ी प्रथम दृष्टया चोरी की लग रही है, हालां कि आरटीओ से गाड़ी की डिटेल निकलवाई है, उसके बाद ही इसके मालिक का पता चल सकेगा।