Site icon AR Live News

शाह की सहयोगी दलों को धमकी : साथ नहीं दिया तो लोकसभा चुनाव में पटक देंगे

मुंबई,(ARlive news)। लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर भारतीय जनता पार्टी एक्शन मोड में आ गई है। 2019 चुनाव की तैयारियां भाजपा ने अभी से शुरू कर दी है। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अप्रत्यक्ष रूप से शिवसेना को धमकी दी है। अमित शाह ने कहा कि अगर गठबंधन हुआ, तो पार्टी अपने सहयोगियों के लिए जीत सुनिश्चित करेगी। लेकिन, अगर ऐसा नहीं हुआ, तो पार्टी आगामी लोकसभा चुनावों में अपने पूर्व सहयोगियों को पटक देगी। महाराष्ट्र के लातूर में शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने ये बातें कही।

शिवसेना का पलटवार : जो हम पर हमला कर रहे हैं, हम निश्चित तौर पर उन्हें हराएंगे

शिवसेना ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि उसकी (बीजेपी की) योजना 40 सीट जीतने की है। इसका मतलब है कि वह EVM में छेड़छाड़ करने पर निर्भर है। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के एक सहयोगी ने कहा, ‘जो हम पर हमला कर रहे हैं, हम निश्चित तौर पर उन्हें हराएंगे।

उनका बयान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को राज्य की 48 लोकसभा सीटों में से 40 पर जीत का लक्ष्य निर्धारित करने को कहा गया था। अमित शाह के इन बयानों पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए शिवसेना ने कहा कि उसे जो भी चुनौती देगा, उसका सामना करने को वह तैयार हैं।

सोर्स : जीएनएस न्यूज एजेंसी

Exit mobile version