Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर-बांद्रा : चलती ट्रेन से बदमाश ढाई करोड़ का सोना लूट ले गए

निम्बाहेड़ा के पास उदयपुर-बांद्रा ट्रेन में हुई वारदात।

उदयपुर,(ARlive news)। मुंबई से उदयपुर आ रही बांद्रा टर्मिनस में सोमवार तड़के बदमाश यात्री के पास मौजूद ढाई करोड़ रूपए के सोने के आभूषण लूट कर ले गए। यह 8 किलो सोना चरनी, रोड जौहरी बाजार, मुंबई स्थित गोल्ड कंपनी के दो सेल्स मैन उदयपुर एक कंपनी में सप्लाई करने लेकर आ रहे थे।

जीआरपी थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सुबह साढ़े पांच से छह बजे के बीच की है। रविवार को मुंबई से गोल्ड कंपनी के सेल्स मैन नरेन्द्र और विपुल बांद्रा टर्मिनस से मुंबई से उदयपुर के लिए आठ किलो सोने के आभूषण लेकर रवाना हुए थे। यह आभूषण इन्हें उदयपुर के ज्वैलर्स को ही सप्लाई करने थे। स्लीपर कोच में दोनों के पास एक लोअर और एक अपर बर्थ थी।

आभूषणों से भरा बैग सिराहने रख कर दोनों सेल्समैन नरेन्द्र और विपुल रात को सो गए। सुबह करीब साढ़े पांच बजे ट्रेन चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा जंक्शन पर पहुंची, तय मिनट रूकने के बाद ट्रेन शुरू हुई, ट्रेन धीरे-धीरे चल रही थी और 500 मीटर ही आगे बढ़ी होगी, तभी एक बदमाश आया और नरेन्द्र के सिराहने रखा बैग छीनकर भागा, सिराहने रखा बैग निकलते ही नरेन्द्र और फिर विपुल जाग गए, उन्होंने बदमाश को ट्रेन में रोकने का प्रयास किया तो बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। दोनों ने चेन पुलिंग कर तत्काल ट्रेन रूकवाई और ट्रेन गार्ड और जीआरपी को सूचना दी। ट्रेन गार्ड ने टॉर्च से आस-पास बदमाश की तलाश भी की, लेकिन बदमाश भाग चुके थे।

सेल्समैन ने गोल्ड कंपनी के मालिक को वारदात की जानकारी दी। जीआरपी पुलिस ने मुंबई में गोल्ड कंपनी के मालिक को चित्तौड़गढ़ जीआरपी थाने बुलाया है। पुलिस सेल्समैन से भी पूछताछ कर रही है। सेल्समैन ने पुलिस को बताया है कि अंधेरे में वे बदमाश का चेहरा तो नहीं देख पाए, लेकिन बदमाश 25 से 30 साल का लड़का लग रहा था।

Exit mobile version