Site iconSite icon AR Live News

कौशल विकास प्रशिक्षण देने में राजस्थान देश के “टॉप 4” राज्यों में शामिल

तीन सालों में राजस्थान में 2 लाख 84 हजार 961 लोगों ने कौशल विकास प्रषिक्षण प्राप्त किया। 

उदयपुर,(ARlive news)। सरकार द्वारा राज्यों में चलाए जा रहे कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजस्थान युवाओं को प्रशिक्षित करने में टॉप फोर राज्यों में है। पिछले तीन सालों में देश में 31 लाख 47 हजार 206 लोगों को कौशल विकास प्रशिक्षण दिया गया और इसमें जनजातीय समुदाय पर ज्यादा गौर किया गया। खासबात यह है कि इनमें सिर्फ राजस्थान में ही 2 लाख 84 हजार 961 लोगों को कौशल विकास प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे रोजगार से जुड़ सकें।

यह जानकारी लोकसभा सत्र में उदयपुर सांसद अर्जुनलाल मीणा के रखे गए अतारांकित प्रश्न के उत्तर में प्राप्त हुई है। सांसद मीणा ने लोकसभा में अनुसूची 5 के टीएसपी क्षेत्रों में जनजातीय समुदाय के बालक-बालिकाओं को दिए गए कौशल विकास प्रशिक्षण के संबंध में प्रश्न पूछा था। इस पर कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री ने आंकड़ों सहित उत्तर पेश किया।

मंत्री द्वारा लोकसभा में दिए जवाब के अनुसार तीन वर्षों में देश में जितने लोगों को कौशल विकास प्रशिक्षण दिया गया है, उनमें राजस्थान टॉप फोर राज्यों में एक है। 2015-16, 2016-17 और 2017-18 में देश में 31 लाख 47 हजार 206 लोगों को कौशल विकास प्रशिक्षण दिया गया। इनमें गत तीन सालों में सर्वाधिक उत्तर प्रदेश में 4 लाख 45 हजार 163 लोगों को कौशल विकास प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद गुजरात में 3 लाख 45 हजार 599, महाराष्ट्र में 3 लाख 4 हजार 45 लोग और राजस्थान में 2 लाख 84 हजार 961 लोगों कौशल विकास कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित किया गया।

Exit mobile version