Site icon AR Live News

शव को कब्र नसीब नहीं हुई, ये कैसी मानवता : दो पक्ष हुए आमने सामने

उदयपुर,(ARlive news)। शहर में रविवार को उस समय माहौल खराब होने की स्थिति पैदा हो गयी जब कुछ लोग जमीन के एक टुकड़े पर शव को दफनाने पहुंचे। उस शव से बस इतनी गलती हुई थी, कि जब तक वह जिंदा था, मुस्लिम के वहाबी समुदाय से था।

रविवार को वहाबी समुदाय के सवीना निवासी शेर मोहम्मद की मौत हो गयी थी। बताया जाता है कि वहाबी मुस्लिम और अन्य मुस्लिम समुदाय में विचार धारा का मतभेद है और इसको लेकर वहाबी समुदाय के किसी शव को अपने कब्रिस्तान में दफनाने नहीं देते हैं। वहाबी समुदाय के लोग शव को दफनाने कब्रिस्तान पहुंचे तो वहां मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शव दफनाने देने का विरोध किया और शव दफनाने नहीं दिया।

कुछ लोगों ने ठोकर चौराहा स्थित मस्जिद के पास शव दफनाने का सुझाव दिया। ऐसे में परिजन शव लेकर ठोकर के पास स्थित जमीन पर पहुंचे। वहां कब्र खोद रहे थे, तभी बजरंग दल के कार्यकर्ता सहित कई लोग वहां इकठ्ठे हो गए और उस जमीन को सार्वजनिक बताकर वहां पर शव दफनाने नहीं देने का कहकर विरोध किया। बात इतनी बढ़ गयी कि दोनों पक्ष आमने सामने हो गए।

सूचना पर पुलिस अधिकारी भारी जाब्ता के साथ मौके पर पहुंचे। शव को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया और दोनों पक्षों को शांत किया। सोमवार को परिजन डूंगरपुर के सीमलवाड़ा ले गए, वहां शव को दफन किया गया। हालांकि शव दफनाने को लेकर स्थिति अभी तक स्पष्ट नहीं है, बस इन सब के बीच एक शव की बेकद्री जरूर हुई है।

Exit mobile version