Site iconSite icon AR Live News

दुल्हन की तरह सजा मतदान केन्द्र, मतदाताओं को पीले चावल भेजकर दिया मतदान करने का न्योता

उदयपुर,(ARlive news)। विधानसभा चुनाव में मतदाता जागरूकता के लिए जारी स्वीप गतिविधियों के तहत उदयपुर की बड़गांव पंचायत समिति के कठार गांव में नवाचार करते हुए मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया गया।

कठार ग्राम विकास अधिकारी शंभु सिंह राजपूत ने बताया कि कठार मतदान केन्द्र के भाग संख्या 72 व 73 में समस्त मतदाताओं के परिवार को मत डालने का आमंत्रण पत्र व पीले चावल घर-घर भिजवाए गए हैं। मतदान केन्द्र को शादी समारोह के पांडाल की तरह सजाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मतदान दिवस पर आने वाले समस्त मतदाताओं का तिलक व मेवाड़ी उपरना पहनाकर स्वागत किया जाएगा। मतदाताओं के लिए बैठने की उपयुक्त व्यवस्था के साथ मतदान दलों के लिए स्वच्छ जल, बिस्तर व खाने की सुविधा भी की गई है।

बलीचा में भी आदर्श मतदान केंद्र दुल्हन की तरह सजा हुआ नजर आ रहा है। यूआईटी सचिव उज्ज्वल राठौड़ के निर्देशन में यूआईटी ने ये आदर्श मतदान केंद्र तैयार करवाया है। बाहर से तस्वीर ऐसी बन रही है मानो मतदान केंद्र नही होकर किसी के शादी समारोह की तैयारी की गई हो। यहां दिन भर लोगों में ये केंद्र आकर्षण का केंद्र भी बना रहा।

 मतदाताओं के लिये सेल्फी कार्नर

पंचायत समिति बडगांव के विकास अधिकारी केदार प्रसार वैष्णव ने बताया कि मतदाताओं के लिये प्रतिक्षालय बनवाया गया। दिव्यांग मतदाताओं हेतु मतदान केन्द्रों पर लाने व ले जाने तथा मतदान केन्द्र तक पहुचने के लिये रेम्प एंव व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई। मतदाताओं के लिये सेल्फी कार्नर (पाइन्ट) बनवाया गया है। ग्राम पंचायतों के सभी भागलों] मोहल्लों में मतदान की अपील तथा थीम सोंग का प्रचार-प्रसार लाउड स्पीकर के माध्यम से किया जा रहा है।

Exit mobile version