Site iconSite icon AR Live News

कांग्रेस बातें करती है, हमने गरीब की भूख मिटाने का काम कर दिखाया : वसुंधरा

उदयपुर,(ARlive news)। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बुधवार को जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के कल्याणपुर में चुनावी सभा को सम्बोधित किया। भाजपा प्रत्याशी नानालाल अहारी के समर्थन में हुई सभा में वसुंधरा राजे ने कहा कि कांग्रेस आजादी के बाद से केवल यही कहकर वोट मांग रही है कि हम अगले पांच सालों में गरीबी मिटा देंगे। लेकिन गरीबी मिटाना तो दूर वो जरूरतमंदों को दो वक्त की रोटी भी नहीं दिला सकी। हमारी सरकार ने तो राशन की दुकानों से होने वाली गेंहू की कालाबाजारी रोकी। इसके अलावा राजस्थान के सभी नगर निकायों में अन्नपूर्णा रसोई वैन लगाकर 5 रुपये में पौष्टिक नाश्ते और 8 रुपये में भरपेट भोजन की व्यवस्था भी की है।

वसुंधरा ने कहा कि कांग्रेस ने कभी ऐसा सोचा भी नही कि आम आदमी के पेट के लिए ऐसी व्यवस्था भी हो सकती है। मुझे खुशी है कि भाजपा की अंत्योदय से सर्वोदय वाली नीतियों से आज राजस्थान में कोई भी व्यक्ति  भूखा सोने को मजबूर नहीं है।

वसुंधरा ने कहा कि हमारी सरकार किसानों का कर्जा माफ कर चुकी है। कांग्रेस अब कौन से कर्जे को माफ करने की बात कर रही है। कांग्रेस बातें करती रही, हमने जनजाति एरिया में जनता के काम कर दिखाए। जनजाति क्षेत्र में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने हमने कॉलेज खोले। जनजाति एरिया में जन सुविधाएं  विकसित करने का काम हमने किया है।

सभा मे सांसद अर्जुनलाल मीणा ने जनता से कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा ने बहुत काम करवाए हैं और आगे भी करवाते रहेंगे। आप यहां और पूरे राज्य में भाजपा को विजयी बनाओ हम विकास की राह में आगे बढ़ते जाएंगे। सभा में भाजपा प्रत्याशी नानालाल अहारी, गुजरात विधानसभा के स्पीकर, दो विधायक, भाजपा वरिष्ठ नेता सुंदरलाल भाणावत, सभी मंडल अध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Exit mobile version