नेशनल न्यूज पेपर में एक बड़ा विज्ञापन छापकर योगी का रतलिया ने किया स्वागत।
हुआ यूं कि आज बुधवार को भाजपा के स्टार प्रचार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उदयपुर शहर में फतहस्कूल ग्राउंड में जनसभा करने वाले हैं। यह जनसभा उदयपुर में भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार को लेकर की जा रही है। भाजपा के तो किसी प्रत्याशी ने योगी के स्वागत में कोई विज्ञापन नहीं छपवाया, लेकिन नमो विचार मंच से जुड़े उदयपुर शहर से निर्दलीय प्रत्याशी प्रवीण रतलिया ने योगी के स्वागत में एक बड़ा विज्ञापन दैनिक भास्कर समाचार पत्र में छपवा दिया। हालां कि इस विज्ञापन में प्रवीण रतलिया ने खुद के प्रत्याशी होने से संबंधित कोई बात या जानकारी नहीं लिखी है, योगी के फोटो के नीचे खुद का फोटो उनके स्वागत में छपवाया है, साथ ही समाज सेवा से संबंधित अपनी कुछ उपलब्धियां लिखी हैं।
उदयपुर शहर से भाजपा प्रत्याशी गुलाबचंद कटारिया के निर्वाचन अभिकर्ता वकील प्रवीण खंडेलवाल ने निर्वाचन अधिकारी को प्रवीण रतलिया के खिलाफ लिखित में शिकायत दी है और उनके खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की हैं। प्रवीण खंडेलवाल ने शिकायत पत्र में लिखा है कि योगी आदित्यनाथ भाजपा के स्टार प्रचारक हैं। रतलिया ने उनकी फोटो अपने साथ प्रकाशित करवाकर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया है, जबकि रतलिया के पास योगी की फोटो प्रकाशित करने के संबंध में कोई स्वीकृति नहीं थी। अब देखना है कि निर्वाचन आयोग इस विज्ञापन को आचान संहिता का उल्लंघन मानता है या नहीं और प्रवीण रतलिया के खिलाफ इस पर कोई कार्यवाही हो सकती है या नहीं।
गौरतलब है कि प्रवीण रतलिया निर्दलीय प्रत्याशी हैं और गुलाबचंद कटारिया को चुनौती दे चुके हैं। रतलिया ने यहां तक कह दिया था कि वे चुनाव से पहले कटारिया की ऐसी हालत कर देंगे कि उन्हें हार्ट अटैक आ जाएंगा।
