Site iconSite icon AR Live News

राहुल गांधी अजमेर दरगाह में जियारत और जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में दर्शन से करेंगे चुनाव प्रचार की शुरुआत

जयपुर (ARlive news)। विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी और कांग्रेस के स्टार प्रचारक मैदान में उतर गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को प्रदेश में पार्टी के चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। कांग्रेस के सबसे बड़े स्टार प्रचारक राहुल प्रदेश में अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत दरगाह में जियारत और जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में दर्शन कर करेंगे। वहीं बीजेपी अपने सबसे बड़े स्टार प्रचारक पीएम नरेन्द्र मोदी की सभाओं की शुरुआत आज से कर चुकी है। मोदी ने चुनाव प्रचार की शुरूआत आज राजस्थान के सिंहद्वार अलवर में पहली चुनावी सभा से की।

राहुल गांधी राजस्थान में चुनावी दौरों की शुरुआत मारवाड़ से कर रहे हैं। राहुल कल पहले विश्व विख्यात अजमेर दरगाह में जियारत करेंगे और उसके बाद पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर में दर्शन करेंगे। यहां से बाद में वे चुनावी सभाओं में जुटेंगे। राहुल सोमवार को मारवाड़ में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वे जैसलमेर स्थित पोकरण, जालोर और जोधपुर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

यह रहेगा राहुल गांधी का कार्यक्रम :

राहुल गांधी सोमवार को सुबह 9 बजे अजमेर दरगाह में जियारत करेंगे। 10.15 बजे जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में दर्शन करेंगे। 12.30 बजे राहुल गांधी पोकरण के सरकारी कॉलेज ग्राउंड में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। 2.30 बजे राहुल की जालोर स्टेडियम ग्राउंड में चुनावी सभा होगी। उसके बाद 4.30 बजे राहुल जोधपुर के राजकीय स्टेडियम ग्राउंड में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। जोधपुर की सभा के बाद राहुल गांधी दिल्ली रवाना होंगे।

Exit mobile version