Site iconSite icon AR Live News

महिला अधिवक्ता की पुश्तैनी जमीन बचाने 200 वकीलों ने थाने का किया घेराव

पुलिस पर लगे मिलीभगत के आरोप : कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्यवाही तो दूर पुलिस ने एफआईआर तक दर्ज नहीं की।

उदयपुर,(ARlive news)। प्रतापनगर थाने में शुक्रवार को महिला अधिवक्ता की पुश्तैनी बेशकीमती जमीन बचाने में 200 से ज्यादा वकीलों ने इकट्ठा होकर थाने का घेराव किया। वकीलों ने पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत का आरोप लगाया और कहा कि महिला अधिवक्ता आरोपियों के खिलाफ चार परिवाद दे चुकी है, लेकिन पुलिस कार्यवाही करना तो दूर, एफआईआर तक दर्ज नहीं कर रही है। वकीलों के घेराव करने के बाद मामला जब एसपी कुंवर राष्ट्रदीप तक पहुंचा तो उनके आदेश से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। भूखंड महिला अधिवक्ता और उनके भाई उमेश जोशी का है। मामले में पुलिस की मिलीभगत किसी शराब ठेकेदार से बताई जा रही है, जो इस जमीन पर कब्जा करना चाहता है। 

आरोपियों को जेसीबी सहित थाने लाई, लेकिन कुछ देर में छोड़ दिया

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकृपा शर्मा ने बताया कि मामला चार दिन पहले का है। बोहरा गणेश जी के पीछे बार एसोसिएशन की सदस्य महिला अधिवक्ता सूरज जोशी की 2 हजार वर्ग फीट जमीन है। यह उनकी पुश्तैनी जमीन है और उन्होंने यहां बाउंड्री वॉल बनाकर गेट लगाया हुआ है और अंदर गार्डन बनाया हुआ था। महिला अधिवक्ता नियमित प्लॉट पर जाकर पौधों को पानी देने और देखभाल करती हैं। चार दिन पहले 15-20 बदमाश जेसीबी लेकर अचानक इनके प्लॉट पर पहुंचे और चारदीवारी, गेट तो़ड़ कर पूरा गार्डन उजाड़ दिया और सबकुछ तहश-नहश कर दिया। महिला अधिवक्ता सूरज जोशी को पता चलते ही उसने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची।

रामकृपा शर्मा ने बताया सूचना पर प्रताप नगर थाने से दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। दो गाड़ियों के बीच जेसीबी को जब्त कर और चार बदमाशों को पकड कर पुलिस थाने लेकर आ गई। महिला अधिवक्ता ने इनके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दी। महिला अधिवक्ता के जाने के बाद पुलिस ने इन चारों और जेसीबी को बिना किसी कार्यवाही के छोड़ दिया। थाने से निकलने के बाद आरोपी पक्ष मौके पर टूटा पड़ा दरवाजा भी उठा ले गए, इसकी भी महिला अधिवक्ता ने थाने में चोरी की रिपोर्ट दी। लेकिन पुलिस ने इनमें से किसी भी परिवाद पर न तो मामला दर्ज किया और न ही कोई कार्यवाही की।

शराब ठेकेदार पुलिस मिलीभगत से जमीन कब्जाना चाहता है

वकीलों ने बताया कि महिला अधिवक्ता की दो हजार वर्ग फीट की जमीन पर एक शराब ठेकेदार कब्जा करना चाहता है। उसी ने पुलिस से मिलीभगत की हुई है और वही अन्य लोगों को अलग-अलग समय में भेजकर जमीन पर कब्जा करवाने का प्रयास कर रहा है। इसकी प्रतापनगर थाना क्षेत्र में शराब की दुकान भी है। महिला अधिवक्ता के भाई उमेश जोशी ने बताया कि पुलिस मुझे एक महीने से जमीन खाली करने को लेकर टॉर्चर कर रही है। पास की जमीन का तो कोई विवाद ही नहीं हैं। पुलिस इस तरह मामले को दिग्भ्रमित कर रही है। 

2 हजार वर्ग फीट जमीन महिला अधिवक्ता की है, लेकिन वे पास की जमीन को भी अपना बता रहे हैं

थानाधिकारी हनवंत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि एक पक्ष उमेश जोशी हैं, इनकी बहन महिला अधिवक्ता सूरज जोशी हैं। दूसरा पक्ष पुष्कर पुत्र केसुलाल गायरी हैं। इनकी बोहरा गणेश जी के पास जयश्री कॉलोनी में भूखंड हैं। उमेश जोशी की 2 हजार वर्ग फीट जमीन है, इसके पास 3500 वर्ग फीट गायरी परिवार की है, गायरी परिवार पीढ़ियों से इस जमीन पर काबिज है। उमेश जोशी अपनी 2 हजार वर्ग फीट के अलावा पड़ोस की 3500 वर्ग फीट जमीन को भी अपना बता रहे हैं। इस संबंध में पिछले महीनों में दोनों पक्षों से परिवाद प्राप्त हुए थे। हमने दोनों पक्षों को दस्तावेज के साथ बुलाया था। गायरी परिवार ने सभी 3500 वर्ग फीट जमीन के समस्त दस्तावेज पेश कर दिए, जिस पर वह पीढ़ियों से काबिज है, लेकिन उमेश जोशी इस 3500 वर्ग फीट जमीन के दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। पटवारी और रेवेन्यू इंस्पेक्टर भी मौके पर गए और रिपोर्ट पेश की, इसके अनुसार भी दो हजार वर्ग फीट उमेश जोशी और इसके पास की 3500 वर्ग फीट जमीन गायरी परिवार की है।

Exit mobile version