Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर में चोरियों का वांछित आरोपी अहमदाबाद के होटल में बन गया वेटर

पुलिस ने किया गिरफ्तार : महिला की हत्या के मामले में सजा काट चुका है आरोपी।

उदयपुर(ARlive news)। जिले की प्रतापनगर थाना पुलिस ने मंगलवार को वाहन चोरियों के मामले में वांछित चल रहे आरोपी सरवानिया, मावली निवासी भैरूलाल पुत्र सुंदरलाल बंजारा को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी अहमदाबाद की एक होटल में वेटर बनकर रह रहा था। खासबात यह है कि आरोपी भैरूलाल महिला के चांदी के कड़ों के लिए पैर काटकर उसकी हत्या करने के मामले में दस वर्ष की सजा भुगत चुका है।

थानाधिकारी हनवंत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि भैरूलाल चोरियों के पांच मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। चोरी के प्रकरण में पुलिस इसके साथी मावली निवासी लालू उर्फ लाला गमेती, विनोद बंजारा, गोपाल बंजारा को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के कब्जे से पूर्व में एक ट्रेलर, एक पिकअप, मारुति कार और पांच मोटरसाइकिल जब्त की जा चुकी हैं। इन आरोपियों के पकड़े जाने की सूचना मिलने पर मुख्य आरोपी भैरूलाल गांव से फरार हो गया था। हेडकांस्टेबल सुनील विश्नोई को मुखबीर से आरोपी भैरूलाल के अहमदाबाद में एक होटल में वेटर बनकर काम करने की सूचना मिली। इस पर टीम को अहमदाबाद रवाना किया गया। वहां पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि किसी को पता न चले, इसलिए वह वेटर बनकर रह रहा था। होटल मालिक को भी गलत पहचान बताई थी।

एक वर्ष पहले ही जेल से दस साल की सजा भुगत कर आया था बाहर

आरोपी भैरूलाल पूर्व में फतहनगर में चांदी के कड़े लूटने के लिए महिला की पैर काटकर हत्या करने के आरोप में दस साल की सजा भुगत चुका है। करीब एक वर्ष पहले आरोपी सजा पूरी कर जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही उसने गिरोह बनाकर वाहन चोरी करना शुरू कर दिया था।

Exit mobile version