Site iconSite icon AR Live News

गठबंधन में चुनाव लड़ेगी कांग्रेस : विरोध के सुर बढ़े तो प्रत्याशी बदले

कांग्रेस ने जारी की तीसरी सूची, बीकानेर पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे कल्ला।

उदयपुर (ARlive news)। राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक पार्टियों में हर दिन नयी उठापटक देखने को मिल रही है। कांग्रेस में नया अपडेट है कि उसने कुछ सीटों पर गठबंधन में चुनाव लड़ने का निर्णय किया है, इसके अलावा रविवार को कांग्रेस ने तीसरी सूची जारी कर कुछ सीटों के प्रत्याशी ही बदल डाले।

कांग्रेस ने सबसे बड़ा परिवर्तन बीकानेर पश्चिम सीट पर यशपाल गहलोत की जगह वरिष्ठ नेता बीडी कल्ला को टिकट देकर किया है। पहली सूची में कांग्रेस ने यशपाल गहलोत को बीकानेर पश्चिम सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया था। इस पर वरिष्ठ नेता बीडी कल्ला ने भारी विरोध किया। इस स्टेज पर पार्टी में कोई अंदरूनी कलह न हो और पदाधिकारी एकजुट रहें, इस सोच से कांग्रेस ने रविवार को तीसरी सुची जारी की।

इस सूची में कांग्रेस ने कई परिवर्तन किए। यशपाल गहलोत को बीकानेर पश्चिम सीट से हटाने पर वे नाराज न हो, इसके लिए पार्टी ने उन्हें पूर्व प्रत्याशी कन्हैयालाल झंवर की जगह बीकानेर पूर्व सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसके अलावा केशोरायपाटन सीट से भी पूर्व प्रत्याशी सीएल प्रेमी की जगह राकेश बोयत को प्रत्याशी घोषित किया है।

पार्टी का नामांकन के आखिरी दिनों में प्रत्याशी बदलने का निर्णय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं सहित अन्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों में चर्चा है कि कांग्रेस ने इतनी देर से सूची जारी की और अब इसमें भी प्रत्याशी बदलने पड़ रहे हैं। कांग्रेस ने तीसरी सूची में 18 सीटों से संबंधित प्रत्याशियों और अन्य दल से गठबंधन की जानकारी जारी की है।

भरतपुर जैसी महत्वपूर्ण सीट पर भी होगा गठबंधन

कांग्रेस ने कुछ सीटों पर गठबंधन में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है, हालां कि इस निर्णय को अलग-अलग राजनीतिक विशेषज्ञ अलग-अलग तरह से देख रहे हैं। जारी सूची के अनुसार कांग्रेस मंडावर सीट पर लोकतांत्रिक जनता दल, भरतपुर जैसी महत्वपूर्ण सीट पर राष्ट्रीय लोक दल, मालपुरा सीट पर भी राष्ट्रीय लोक दल, बाली पर एनसीपी और कशलगढ़ एसटी सीट पर लोकतांत्रिक जनता दल के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी।

Exit mobile version