जानकारी के अनुसार घटना बाड़मेर शहर के सदर थाना इलाके के सनावड़ा गांव के पास सियागपुरा ढाणी में हुई. सियागपुरा निवासी रामाराम की पत्नी हीरो देवी ने अपने तीन बच्चों धर्माराम, हरीश और भगवानाराम को शुक्रवार देर रात घर के आगे बने कुंड में धकेल दिया. बाद खुद ने भी कुंड में छलांग लगा दी, जिससे चारों की डूबने से मौत हो गई. घटना के समय परिवार का कोई भी सदस्य घर पर नहीं था. महिला का सबसे बड़ा बेटा पांच साल का था.
पीहर पक्ष के लोग आने के बाद होगा शवों का पोस्टमार्टम
कुछ देर बाद घटना का पता चलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया. इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शवों को कुंड से बाहर निकलवाया. पुलिस ने इस मामले में मृतका के पीहर पक्ष को सूचित कर दिया है. पीहर पक्ष के लोग आने के बाद शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. घटना की जानकारी मिलते ही वहां पर लोगों की भीड़ लग गई. पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है.
