Site iconSite icon AR Live News

जयसमंद जा रहे 3 बच्चों और 5 स्कूल टीचर्स की भीषण सड़क हादसे में मौत

स्कूल स्टाफ और बच्चे पिकनिक मनाने जा रहे थे जयसमंद, तीन घायल।

उदयपुर। सलूंबर से जयसमंद जा रही रोड पर खेराड़ कस्बे के पास अनियंत्रित कार डंपर से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि कार में तीन स्कूली छात्र और पांच शिक्षिकाओं की मौके पर ही मौत हो गई और कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं दो शिक्षिका और एक बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती करवाया गया। सभी सलूंबर के मोरल एकेडमी स्कूल के थे। मृतकों में एक परिवार से मां-बेटे भी शामिल थे। ये सभी स्कूल की ओर पिकनिक मनाने के लिए जयसमंद जा रहे थे।

थानाधिकारी षैलेन्द्र सिंह ने बताया कि हादसे में तीन बच्चे जगत, कुराबड़ निवासी उपेन्द्र सिंह पुत्र देवेन्द्र सिंह, डाल चौराहा सलूंबर निवासी गौरी पुत्री कमलेश चौधरी, बहरो़ड़ अलवर निवासी लक्ष्य पुत्र देवेन्द्र सिंह और लक्ष्य की मां शिक्षिका सरोज यादव, अन्य शिक्षिकाएं खटीकवाड़ा, सलूंबर निवासी मोनिका पुत्री शांतिलाल खटीक, बाणा सराड़ा निवासी मनीषा पत्नी भगवान गिरी गोस्वमी, खेरावाड़ा सलूंबर निवासी संतोष पत्नी रणजीत सिंह राजपूत, डाल चौराहा सलूंबर निवासी गीता पत्नी कैलाश चन्द्र मेघवाल की मौके पर ही मौत हुई है। वहीं कार चला रही झुंझुनू हाल सलूंबर निवासी प्रेक्षा चौधरी पत्नी कमलेश सहित एक अन्य शिक्षिका और एक छात्र गंभीर घायल है, जिन्हेें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मुख्यमंत्री ने   संवेदना व्यक्त की।

कार अनियंत्रित होने से हुआ हादसा

एएसआई नानालाल ने बताया कि सलूंबर स्थिति मोरल एकेडमी स्कूल की ओर से शनिवार सुबह पूरा स्टाफ और कुछ बच्चे पिकनिक मनाने जयसमंद जा रहे थे। दो गाड़ियों में सभी स्टाफ और बच्चों को बैठाया गया था। एक गाड़ी आगे चल रही थी और इसके पीछे हादसे का शिकार होने वाले स्वीफ्ट कार थी। कार को स्कूल की प्रिंसीपल प्रेक्षा चौधरी चला रही थीं। कार में चार बच्चे और 7 स्कूल शिक्षिकाएं थीं। कार सलूंबर से जयसमंद रोड पर खैराड़ के पास पहुंची ही थी कि ज्यादा लोग बैठे होेने के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गिट्टी से भरे डम्पर से जा टकराई।

हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और ड्राइवर के पास वाली सीट और इसके पीछे की तरफ बैठे लोगों के शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर ही आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 10.30 बजे का बताया गया है। हादसे के बाद गांव के दो सौ से ज्यादा लोग इकट्ठै हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और शवों को मोरचरी रखवाया गया। दोपहर तक सभी शवों के पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिए गए।

नयी कार थी, अभी नंबर प्लेट तक नहीं आई थी

जिस स्वीफ्ट कार का हादसा हुआ, वह बिलकुल नयी थी। प्रिंसीपल प्रेक्षा चौधरी ने कुछ दिनों पहले ही यह कार खरीदी थी और अभी तक तो इसकी नंबर प्लेट भी बनकर कंपनी से नहीं आई थी। पिकनिक मनाने के पीछे एक खुशी का कारण यह नयी कार भी थी, जिसे मैडम खुद चला कर जयसमंद ले जा रही थी।

Exit mobile version