Site iconSite icon AR Live News

पॉलिटिकल बोल : ग्रामीण विधायक ने गिनाईं उपलब्धियां, कटारिया ने कहा 5 हजार काम कराए हों, इसका मतलब यह नहीं कि उम्मीदवारी का ठेका ले लिया है

ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा को इस बार भी टिकट मिलने की संभावनाओं पर बोले कटारिया।

लकी जैन (arlive news), उदयपुर। बीजेपी के पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को फूल सिंह मीणा ने प्रेस वार्ता में अपने पांच साल के कार्यकाल के बड़े-बड़े कार्य और उपलब्धियां गिनाईं, वहीं इसी मंच पर आसीन गृहमंत्री और शहर विधायक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि किसी ने पांच हजार कार्य करा दिए हों अपने क्षेत्र में, इसका मतलब यह नहीं कि उसने उम्मीदवार होने का ठेका ले लिया है।

प्रेसवार्ता में कुछ हुआ हो या नहीं, लेकिन कटारिया के इस बयान से विधायक फूल सिंह मीणा की उम्मीदों पर पानी फिरता जरूर दिखाई दिया। हालां कि ग्रामीण विधायक की टिकट की दावेदारी फूल सिंह मीणा के अलावा हरीश मीणा भी कर रहे हैं, अब देखना यह है कि पार्टी इस सीट के लिए इस बार किसको मौका देती है।

कटारिया ने अप्रत्यक्ष रूप से मीणा के काम करवाने के प्रयास भी किए खारिज

फूल सिंह मीणा ने पत्रकारों से बातचीत में रोड नेटवर्क, मादड़ी, एकलिंगपुरा चौराहा अंडरपास, उमरड़ा रोड, टीडी से जवारमाइंस रोड, 36 ग्राम पंचायतों के गौरवपथ, पंचायतों को जोड़ती मिसिंग लिस्ट, शहीद के घर बिजली पहुंचाने के कार्य सहित अन्य सरकारी योजनाओं के तहत क्षेत्र में कराए गए करीब 29 बड़े प्रोजेक्ट की जानकारी दी, अधिकतर प्रोजेक्ट्स में मीणा ने कटारिया के सहयोग की बात कही। पास बैठे गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि उदयपुर का विस्तार हुआ है, ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र में विकास की संभावनाएं थीं, इसलिए विकास हुआ और हमने भी सहयोग किया। कटारिया के इस बयान से लगता है कि शहर में विकास की संभावनाएं नहीं है, क्यों कि कटारिया गृहमंत्री के साथ ही उदयपुर शहर विधायक भी हैं।

Exit mobile version