Site iconSite icon AR Live News

घर में रह रहे किराएदार युवकों ने मासूम बच्चों के सामने की महिला की निर्मम हत्या

महिला घर का किराया मांगने गई तो उसे चाकू से गोद दिया।

उदयपुर। शहर के गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र के सेक्टर 14 के दो बटा पार्क के सामने घर में तीन युवकों ने महिला हरजीत कौर (35) की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। युवकों ने महिला की हत्या उसकी आठ वर्षीय बेटी और छह वर्षीय बेटे के सामने की। युवक इसी घर में किराएदार थे। समय पर किराया नहीं देने पर महिला अक्सर इन्हें किराया देने के लिए टोकती थी, इसी बात से युवक नाराज थे। एक युवक को क्षेत्रवासियों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, इससे वह बेहोश हो गया, वहीं चाकू मारने वाला युवक और उसका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गए।

सूचना पर डीएसपी, थानाधिकारी जाब्ता सहित मौके पर पहुंचे। घायल बच्ची और आरोपी युवक को अस्पताल पहुंचाया, वहीं महिला के शव को मोरचरी रखवाया है। मां की हुई निर्मम हत्या के बाद बच्चे बेहद सहम गए हैं और कुछ बोल भी नहीं पा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी तीनों युवक पार्क के पास स्थित डीबीए एमएलएम कंपनी से स्किल डवलपमेंट का कोर्स कर रहे हैं। तीनों हरजीत कौर के घर में बने कमरे में किराए पर रहते हैं। युवक अक्सर समय से किराया नहीं देते थे। इस पर महिला उन्हें किराया समय पर देने के लिए टोकती रहती थी। दोस्तों के सामने किराया मांगने और इंसल्ट करने से युवक नाराज थे और उन्होंने मन बना लिया था कि महिला ने इस बार किराया मांगा तो उसे मार ही देंगे। शुक्रवार को महिला जैसे ही प्रथम तल पर युवकों से किराया मांगने गई तो एक युवक ने उस पर ताबड़तोड़ चाकुओं से वार करना शुरू कर दिया। मां को लहूलुहान देख 8 साल की बेटी चिल्लाई तो युवक ने उस पर भी वार कर दिया, हालां कि बच्ची मदद के लिए सीढ़ियों से चिल्लाती हुई नीचे आई, तो आस-पास के लोग इकट्ठे हो गए। हालां कि तब तक महिला की मौत हो गई थी और चाकू मारने वाला और उसका एक साथी फरार हो चुके थे। क्षेत्रवासियों के हत्थे एक आरोपी युवक चढ़ गया। क्षेत्रवासियों ने उस युवक की जमकर पिटाई कर दी। इससे युवक बेहोश हो गया।

Exit mobile version