Site iconSite icon AR Live News

12 दिन से लापता बच्ची का क्षत विक्षत शव पत्थरों से दबा मिला, दुष्कर्म की आशंका

जयपुर। खोह नागोरियान में मदीना नगर में आज सुबह एक बालिका का शव पत्थरों के नीचे दबा मिला। बच्ची 25 सितंबर से लापता थी और तब वह पिता के लिए खाना लेकर घर से निकली थी। दो सप्ताह पूर्व घर के पास से अपहृत बालिका को खोजने में पुलिस की नाकामी का ही नतीजा रहा कि बदमाश ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

पुलिस संदेह जता रही है कि आरोपी ने बालिका का अपहरण कर दुष्कर्म किया और पत्थरों से बेरहमी से हत्या कर शव वहीं दबा दिया होगा। शव मिलने की सूचना पर एफएसएल व डॉग स्क्वायड़ टीम ने मौके पर पहुंच साक्ष्य जुटाए। दो सप्ताह गुजर जाने से शव कंकाल में तब्दील हो गया, पोस्टमार्टम में भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं होने की आशंका जताइ जा रही है।

पुलिस के अनुसार आज सुबह करीब आठ बजे किसी ने पत्थरों के नीचे शव दबा देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में रखवाया। मृतका की पहचान आठ वर्षीय मधु पुत्री मिंटू के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने के बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

पिता के लिए खाना लेकर रवाना हुई थी मधु

मधु 25 सितम्बर को घर से अपने पिता के लिए खाना लेकर रवाना हुई थी लेकिन न तो वह दुकान पर पहुंची और न ही वह वापस घर लौटी। इस पर घाटी करोलान निवासी बालिका के पिता ने अपहरण का मामला दर्ज करवाया था। लेकिन पुलिस ने बालिका को खोजने में अपनी तत्परता नहीं दिखाई। बालिका के अपहरण के मामले की जांच एएसआई तोताराम कर रहे थे।

पुलिस का कहना है…

एएसआई तोताराम का कहना है कि बालिका के अपहरण वाले स्थान व उसके आस-पास कोई सीसीटीवी नहीं लगे हुए है। ना ही किसी ने बालिका को किसी के साथ जाते देखा। मामले में परिजनों के साथ मिलकर बालिका को खूब तलाश किया गया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।

थानाधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बालिका का अपहरण के बाद किसी ने बेहरमी से हत्या कर दी और उसके शव को पत्थरों के नीचे दफना दिया। शव बुरी तरह से सड़-गल चुका है। अपहरण के बाद बालिका के साथ र्दुव्यवहार की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। हत्या में किसी परिचित का ही हाथ हो सकता है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Exit mobile version