अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और बाजार से पूंजी निकासी जारी रहने से रुपया 26 पैसे लुढ़ककर करीब दो हफ्ते के निम्न स्तर 72.91 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिकी बांड पर प्रतिफल तीन प्रतिशत को लांघ गया, जिससे डॉलर मजबूत रहा। वैश्विक मुद्राओं की तुलना में डॉलर करीब एक महीने के सबसे ऊंचे रिकॉर्ड को छू गया।
इस बीच भारतीय रुपया 72.61 रुपये प्रति डॉलर पर खुला जो शुक्रवार के बंद भाव 72.65 रुपए प्रति डॉलर के मुकाबले मामूली अधिक है। भारी डॉलर मांग के कारण यह 72.95 रुपए प्रति डॉलर के निम्न स्तर को छूने के बाद 72.60 रुपए तक सुधर गया। अंत में रुपया 26 पैसे की गिरावट दर्शाता 72.91 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 1,841.63 करोड़ रुपए के शेयरों की बिकवाली की। इस बीच भारतीय रिजर्व बैंक ने घोषणा की है कि वह त्योहारी सत्र की मांग को पूरा करने के लिए अक्टूबर महीने में सरकारी बांड खरीद के जरिए वित्तीय तंत्र में 36,000 करोड़ रुपए की नकदी डालेगा।
